मुरादाबाद : शार्ट सर्किट से गैराज में लगी आग, 3 घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
मुरादाबाद, अमृत विचार। देर रात कटघर कोतवाली क्षेत्र में एक गैराज में आग लग गई। यहां ई-रिक्शा चार्ज किए जा रहे थे। आग की चपेट में आकर लाखों रुपये की क्षति का अनुमान लगाया जा रहा है। दमकल विभाग ने तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके लिए दमकल विभाग …
मुरादाबाद, अमृत विचार। देर रात कटघर कोतवाली क्षेत्र में एक गैराज में आग लग गई। यहां ई-रिक्शा चार्ज किए जा रहे थे। आग की चपेट में आकर लाखों रुपये की क्षति का अनुमान लगाया जा रहा है। दमकल विभाग ने तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके लिए दमकल विभाग को दस गाड़ियां लगानी पड़ीं। घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
कटघर कोतवाली क्षेत्र के रहमत नगर करुला गली नंबर एक में शहनवाज खां पुत्र इकबाल खां का दो मंजिला मकान है। पहली मंजिल पर शहनवाज खां, उनकी पत्नी शहनाज, तीन बच्चे मुस्कान, खुशी और अयान तथा छोटा भाई रेहान रहता है। मकान के भूतल पर रेहान ई-रिक्शा चार्जिंग का काम करता है। यहां एक बार में 50 ई-रिक्शा चार्ज होते हैं। रात करीब 12 मकान के भूतल में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग ने मकान की पहली मंजिल को भी अपनी चपेट में ले लिया। इससे मोहल्ले में हड़कंप मच गया।
पड़ोसियों ने मकान की खिड़की तोड़कर शहनवाज और उनके परिवार को किसी तरह बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलने पर एक घंटे बाद दमकल की एक गाड़ी बिना पानी लिए ही मौके पर पहुंच गई। इसके करीब दस मिनट बाद दूसरी गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की। मगर इस आग काफी भड़क चुकी थी। फिर दमकल की चार और गाड़ी मौके पर मंगाई गईं। पांच गाड़ियों को दो बार पानी लेकर आना पड़ा। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की कुल दस गाड़ियां लगानी पड़ीं। तब कहीं तीन घंटे की मशक्कत के बाद सुबह चार बजे आग पर काबू पाया जा सका। तब तक आग की चपेट में आकर गैराज में खड़े 38 ई-रिक्शा, दो बाइक, एक स्कूटी, आदि सामना जलकर राख हो गए।
ये भी पढ़ें : मंडल के लोगों को सरकार में सीधी पैरवी की उम्मीद को लगेगा झटका
