बरेली: 6 सदस्यीय समिति की निगरानी में होगा रिपोर्ट कार्ड का मुद्रण व वितरण
बरेली, अमृत विचार। यूपी बेसिक शिक्षा परिषद के अंतर्गत संचालित परिषदीय स्कूलों में शैक्षिक सत्र 2021 – 22 में कक्षा 1 से 8 वीं तक के छात्र-छात्राओं का रिपोर्ट कार्ड वार्षिक परीक्षा के मूल्यांकन के आधार पर वितरित किया जाएगा। रिपोर्ट कार्ड का मुद्रण व वितरण कार्य विकास खंड स्तर पर खंड शिक्षा अधिकारी के …
बरेली, अमृत विचार। यूपी बेसिक शिक्षा परिषद के अंतर्गत संचालित परिषदीय स्कूलों में शैक्षिक सत्र 2021 – 22 में कक्षा 1 से 8 वीं तक के छात्र-छात्राओं का रिपोर्ट कार्ड वार्षिक परीक्षा के मूल्यांकन के आधार पर वितरित किया जाएगा। रिपोर्ट कार्ड का मुद्रण व वितरण कार्य विकास खंड स्तर पर खंड शिक्षा अधिकारी के माध्यम से किया जाएगा। प्रति रिपोर्ट कार्ड का 2 रुपये की दर से राज्य परियोजना कार्यालय समग्र शिक्षा द्वारा धनराशि मुहैया करा दी गई है। जनपद में कुल 3 लाख 25 हजार बच्चों को रिपोर्ट कार्ड वितरित किया जाना है।
बीएसए द्वारा विकास खंड स्तर पर रिपोर्ट कार्ड मुद्रण व वितरण के लिए समिति का गठन किया गया है। समिति में खंड शिक्षा अधिकारी को सदस्य सचिव नामित किया गया है। इसके अलावा समिति में डायट से एक प्रवक्ता, उच्च प्राथमिक स्कूल के वरिष्ठतम प्रधानाध्यापक, प्राथमिक स्कल से एक वरिष्ठतम प्रधानाध्यापक, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के एक लेखाकार और उप जिलाधिकारी द्वारा एक सदस्य नामित किया जाएगा।
विभागीय जानकारी के मुताबिक परीक्षाफल घोषित किए जाने के दिन विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक का आयोजन किया जाना जरूरी है। इस मौके पर छात्रों की मूल्यांकित उत्तर पुस्तिकाओं को अभिभावकों को दिखाया जाएगा। अर्द्धवार्षिक परीक्षा न होने के कारण इसका कॉलम रिक्त ही रखा जाएगा। बीएसए विनय कुमार ने बताया कि समिति गठित कर शासन को सूचना भेज दी गई है। इस दिशा में कवायद शुरू होने के साथ ही प्रधानाध्यापकों को आवश्यक निर्देश भी दे दिए गए हैं।
