संभल : अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार को रौंदा, मौत
संभल/असमोली, अमृत विचार। असमोली थाना क्षेत्र में साइकिल सवार को बचाने में अनियंत्रित हुए ट्रक ने बाइक सवार अधेड़ को रौंद दिया। हादसे में उसकी मौत हो गई। शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घटना के आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। मंगलवार को असमोली …
संभल/असमोली, अमृत विचार। असमोली थाना क्षेत्र में साइकिल सवार को बचाने में अनियंत्रित हुए ट्रक ने बाइक सवार अधेड़ को रौंद दिया। हादसे में उसकी मौत हो गई। शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घटना के आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मंगलवार को असमोली थाना क्षेत्र के गांव बेला निवासी शौकत अली पुत्र मकबूल अली मंगलवार को असमोली से अपने गांव लौट रहे थे। इसी बीच करीब दोपहर दो बजे वह अपनी बाइक से असमोली शुगर मिल और दुगावर गांव के बीच सिद्ध बाबा मठ के पास पहुंचे। उसी समय सामने से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। राहगीरों के अनुसार यह हादसा एक साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में हुआ।
साइकिल सवार को बचाते हुए ट्रक अनियंत्रित हो गया। अनियंत्रित हुए ट्रक ने दूसरी ओर से आ रहे बाइक सवार को टक्कर मार दी। इसके बाद ट्रक खंदक में पलट गया। हादसा इतना जोरदार था कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बाइक सवार ट्रक के नीचे आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर भीड़ एकत्र हो गई। यहां मौजूद लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी और मदद में जुट गए।
लोगों ने घायल बाइक सवार को सड़क से हटाया। वहीं ट्रक में फंसे चालक को शीशा तोड़कर बाहर निकाला। इसी बीच पुलिस और एंबुलेंस भी हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंच गई। एंबुलेंस की मदद से घायल को प्राथमिक उपचार के लिए भिजवाया गया। उपचार को जाते समय बाइक सवार ने दम तोड़ दिया। वहीं पुलिस ने ट्रक चालक को भी प्राथमिक उपचार कराने के बाद कब्जे में ले लिया।
अधेड़ की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक करम पाल सिंह ने बताया कि हादसे में बाइक सवार अधेड़ की मौत हुई है। ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
