लखनऊ: महज 24 घंटे शेष, अबतक पूरी नहीं हुई अयोग्य व दागी पुलिस कर्मियों की स्क्रीनिंग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। कंपल्सरी रिटायरमेंट स्कीम के तहत 50 वर्ष से अधिक उम्र के अयोग्य व दागी पुलिस कर्मियों को जबरिया रिटायर किया जाना है। उत्तर प्रदेश शासन की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार 31 मार्च तक 50 वर्ष पार सभी पुलिस कर्मियों की स्क्रीनिंग कर सेवानिवृत्त करने का आदेश था। अंतिम तिथि को महज 24 …

लखनऊ। कंपल्सरी रिटायरमेंट स्कीम के तहत 50 वर्ष से अधिक उम्र के अयोग्य व दागी पुलिस कर्मियों को जबरिया रिटायर किया जाना है। उत्तर प्रदेश शासन की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार 31 मार्च तक 50 वर्ष पार सभी पुलिस कर्मियों की स्क्रीनिंग कर सेवानिवृत्त करने का आदेश था। अंतिम तिथि को महज 24 घंटे शेष हैं पर पुलिस कर्मियों की स्क्रीनिंग तक पूरी नहीं हो सकी है। एक बार फिर से मामला लटकने को है।

पुलिस मुख्यालय का कहना अंतिम तिथि की बाध्यता नहीं

पुलिस मुख्यालय का कहना है कि कंपल्सरी रिटायरमेंट स्कीम को लेकर पूर्व में 31 मार्च अंतिम तिथि निर्धारित की गई थी। पर इस बीच चुनाव कार्यक्रमों के चलते अब अंतिम तिथि की बाध्यता हटा दी गई है। पुलिस कर्मियों की स्क्रीनिंग के लिए जोनवार कमेटियां बनीं हैं। स्क्रीनिंग का काम काफी तेजी से किया जा रहा है।

नवंबर 2021 में भी लटका था मामला

ज्ञात हो कि इससे पूर्व उत्तर प्रदेश शासन की ओर से नवंबर 2021 को भी 50 वर्ष उम्र पार वाले अयोग्य पुलिस कर्मियों को नवंबर 2021 तक सेवानिवृत्त करने का आदेश था। पर कोरोना महामारी व दूसरे कारणों के लिए योजना पर काम नहीं हो सका। इसके बाद गत 10 मार्च को अधिसूचना जारी करते हुए 31 मार्च तक योजना को पूरी करने का आदेश दिया गया, पर इस बार भी मामला लटकने को है।

एसीआर रिपोर्ट से कई पुलिस कर्मियों को खतरा

विदित हो कि कंपल्सरी रिटायरमेंट स्कीम के तहत एसीआर रिपोर्ट के आधार पर दागी पुलिस कर्मियों व अधिकारियों की भी सूची बनाई जा रही है। इसमें आय से अधिक संपत्ति रखने वाले, बेहद खराब प्रदर्शन वाले व करप्ट पुलिस कर्मियों को शामिल किया जा रहा है।

50 वर्ष से अधिक उम्र के अयोग्य पुलिस कर्मियों को रिटायर करने का आदेश गूह विभाग की ओर से दिया गया था। इसपर जोन वार पुलिस कर्मियों की स्क्रीनिंग का काम चल रहा है। अंतिम तिथि की कोई बाध्यता नहीं है। जल्द ही सूची गृह विभाग को सौंपी जाएगी…अभयनाथ त्रिपाठी, डीजीपी के पीआरओ।

संबंधित समाचार