भाजपा को वोट देने पर शाहरुख को मिली धमकी, पुलिस ने दर्ज किया मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बदायूं। उत्तर प्रदेश में बदायूं जिले के निवासी शाहरुख सैफी को बीते विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) काे वोट देना इतना परेशानी भरा साबित हुआ कि गांव वालों ने न सिर्फ रास्ता रोक कर उसके साथ मारपीट की बल्कि गांव से निकालने तक की उसे धमकी दे डाली। आखिरकार, शाहरुख को पुलिस की …

बदायूं। उत्तर प्रदेश में बदायूं जिले के निवासी शाहरुख सैफी को बीते विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) काे वोट देना इतना परेशानी भरा साबित हुआ कि गांव वालों ने न सिर्फ रास्ता रोक कर उसके साथ मारपीट की बल्कि गांव से निकालने तक की उसे धमकी दे डाली। आखिरकार, शाहरुख को पुलिस की शरण लेनी पड़ी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। पुलिस को मिली तहरीर के मुताबिक यह मामला बदायूं जिले के बिसौली कोतवाली इलाके के लक्ष्मीपुर गांव का है।

शाहरुख ने पुलिस को अपनी शिकायत में बताया कि गांव में उसके अपने ही समुदाय के लोग फेसबुक पर अमर्यादित टिप्पणी कर उसे गांव से बाहर निकालने की धमकी दे रहे है। डरे सहमे शाहरुख ने पहले तो इस मामले को गांव में ही सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन जब पानी सिर के ऊपर से गुजर गया तब पुलिस अधिकारियों को शिकायती पत्र देकर जान की सलामती की गुहार लगायी। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शाहरुख ने पुलिस को बताया कि उसने चुनाव में न सिर्फ खुद भाजपा को वोट दिया था, बल्कि अपने परिचितों को भी चुनाव में भाजपा का समर्थन करने को कहा था। इस पर उनके ही गांव के शरीफ अहमद ने फेसबुक पर शाहरुख के खिलाफ अभद्र भाषा में प्रतिक्रिया व्यक्त करना शुरू कर दिया। इसके बाद उसको धमकी भरे फोन भी किये गये।

बात इतने पर ही नहीं थमी। शाहरुख ने गांव के बुजुर्गों से मामले में दखल देकर बीच बचाव करने की गुहार लगायी, लेकिन उसे राहत नही मिली। आरोपी शरीफ ने 16 मार्च को शाहरुख का रास्ता रोक कर मारपीट कर गांव और संप्रदाय से निकलवाने की धमकी भी दी। इस पर उसे पुलिस की शरण लेनी पड़ी। बदायूं के पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि बुधवार को शाहरुख की ओर से बिसौली कोतवाली मे प्रार्थना पत्र दिया गया। इस पर संज्ञान लेते हुए मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जो भी लोग इस मामले में दोषी होंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी।

यह भी पढ़ें:-शाहजहांपुर: पुरुषों में बराबरी का दर्जा प्रदान करती है लैंगिक समानता

संबंधित समाचार