Miami Open : नाओमी ओसाका मियामी ओपन के फाइनल में पहुंचीं, डेनिल मेदवेदेव हारकर नंबर-1 बनने से चूके

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मियामी गार्डन्स। नाओमी ओसाका तीन सेट तक चले संघर्षपूर्ण मैच में जीत दर्ज करके मियामी ओपन टेनिस टूर्नामेंट के महिला एकल के फाइनल में पहुंच गई। लेकिन, पुरुष एकल में डेनिल मेदवेदेव क्वार्टर फाइनल में हारने के कारण फिर से नंबर एक रैंकिंग हासिल करने से चूक गये। अब इगा स्वियातेक से भिड़ेंगी ओसाका विश्व …

मियामी गार्डन्स। नाओमी ओसाका तीन सेट तक चले संघर्षपूर्ण मैच में जीत दर्ज करके मियामी ओपन टेनिस टूर्नामेंट के महिला एकल के फाइनल में पहुंच गई। लेकिन, पुरुष एकल में डेनिल मेदवेदेव क्वार्टर फाइनल में हारने के कारण फिर से नंबर एक रैंकिंग हासिल करने से चूक गये।

Image

अब इगा स्वियातेक से भिड़ेंगी ओसाका
विश्व की पूर्व नंबर एक खिलाड़ी और यहां गैरवरीयता प्राप्त ओसाका ने सेमीफाइनल में 22वीं वरीय बेलिंडा बेनसिच को 4-6, 6-3, 6-4 से हराया। वह ऑस्ट्रेलियाई ओपन 2021 के बाद पहली बार किसी टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची हैं। ओसाका फाइनल में दूसरी वरीयता प्राप्त इगा स्वियातेक से भिड़ेंगी, जिन्होंने एक अन्य सेमीफाइनल में 16वीं वरीय जेसिका पेगुला को 6-2, 7-5 से पराजित किया। स्वियातेक अगले सप्ताह जारी होने वाली रैंकिंग में संन्यास ले चुकी ऐश बार्टी की जगह शीर्ष पर काबिज हो जाएगी।

Image

अब नंबर दो पर ही बने रहेंगे मेदवेदेव
इस बीच मेदवेदेव दूसरी रैंकिंग के खिलाड़ी के तौर पर टूर्नामेंट में उतरे थे और ह्यूबर्ट हरकाज ने सुनिश्चित किया कि वह इसी नंबर पर बने रहेंगे। हरकाज ने पुरुष वर्ग के क्वार्टर फाइनल में मेदवेदेव को 7-6 (7), 6-3 से हराया। मेदवेदेव इस बीच मांसपेशियों में ऐंठन से परेशान रहे। मेदवेदेव अगर इस मैच में जीत दर्ज कर लेते तो फिर नोवाक जोकोविच को पीछे छोड़कर विश्व रैंकिंग में फिर से नंबर एक पर पहुंच जाते। यह रूसी खिलाड़ी हालांकि अब नंबर दो पर ही बने रहेंगे। पोलैंड के हरकाज सेमीफाइनल में स्पेन के 14वें वरीय कार्लोस अल्काराज से भिड़ेंगे। अल्काराज ने गुरुवार रात को पुरुष क्वार्टर फ़ाइनल के आखिरी मैच में सर्बिया के गैरवरीय मिओमिर केकमानोविच को 6-7 (5) 6-3 7-6 (5) से हराया।

ये भी पढ़ें : IPL 2022: आखिरी ओवर में डूबी चेन्नई की लुटिया, रोमांचक मुकाबला में लखनऊ ने 6 विकेट से दी मात

संबंधित समाचार