संभल: हाईटेंशन बिजली के तारों से निकली चिंगारी, 24 बीघा गेहूं की फसल जली
संभल/कैलादेवी, अमृत विचार। थाना क्षेत्र के एक गांव के खेतों से गुजर रही हाईटेंशन बिजली के तारों पर पेड़ की टहनी टूटकर गिरकर गई और फाल्ट हो गया। फाल्ट से निकली चिंगारी से गेहूं की फसल में आग लग गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब …
संभल/कैलादेवी, अमृत विचार। थाना क्षेत्र के एक गांव के खेतों से गुजर रही हाईटेंशन बिजली के तारों पर पेड़ की टहनी टूटकर गिरकर गई और फाल्ट हो गया। फाल्ट से निकली चिंगारी से गेहूं की फसल में आग लग गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक चार किसानों की 24 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।
कैलादेवी थाना क्षेत्र के गांव कमालपुर में गवां बिजलीघर से किसानों के नलकूपों पर हाईटेंशन बिजली लाइन जा रही है। बुधवार को गांव निवासी गंगाचरन पुत्र रेवाराम के खेत से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के पास खड़े सफेदा के पेड़ से टहनी टूटकर बिजली के तारों पर गिर गई और लाईन में फाल्ट हो गया। फाल्ट होने से निकली चिंगारी से तारों के नीचे खेत में खड़ी गेहूं की फसल में आग लग गई।
आग को देखकर ग्रामीणों ने शोर मचाया। शोर को सुनकर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ इकठ्ठा हो गई, लेकिन दोपहर को तेज हवा के चलते आगपास के खेतों में फैलती चली गई। किसानों ने ट्रैक्टर के पीछे हैरो लगाकर जमीन की जुताई कर गेहूं की फसल को दो हिस्सों में बांट दिया। पेड़ों की टहनियों, मिट्टी और बाल्टी से पानी डालकर ग्रामीणों की मदद से बिना दमकल को सूचना दिए कड़ी मशक्कत के घंटों बाद आग पर काबू पाया।
लेकिन तब तक गंगाचरन की आठ, नेत्रपाल की आठ, राजवीर की चार और कल्याण सिंह की चार बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। किसानों ने आग बुझाने में मदद करने के लिए दमकल को सूचना नहीं दी। उन्होंने बताया कि इस बार खेत में लगी फसल की अच्छी पैदावार होने की उम्मीद थी, लेकिन फसल में आग लगने से रोजी रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा।
