मुरादाबाद : भाजपा नेता के स्कूल में लिखी जा रही थी कापियां, एसटीएफ की दबिश में हुआ खुलासा
मुरादाबाद, अमृत विचार। बलिया में सामूहिक नकल का बवंडर अभी थमा नहीं कि ठाकुरद्वारा स्थित स्कूल में सामूहिक नकल का खुलासा हो गया है। एसटीएफ और जिलाधिकारी के सचल दस्ते ने स्कूल में दबिश देकर एक साल्वर गैंग का खुलासा करते हुए 26 लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एक भाजपा नेता के स्कूल …
मुरादाबाद, अमृत विचार। बलिया में सामूहिक नकल का बवंडर अभी थमा नहीं कि ठाकुरद्वारा स्थित स्कूल में सामूहिक नकल का खुलासा हो गया है। एसटीएफ और जिलाधिकारी के सचल दस्ते ने स्कूल में दबिश देकर एक साल्वर गैंग का खुलासा करते हुए 26 लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एक भाजपा नेता के स्कूल में हुई है।
इस स्कूल में कई दिनों से नकल का खेल चल रहा था।
इसकी सूचना प्रदेश स्तर पर नकल रोकने के लिए गठित एसटीएफ को मिल चुकी थी। एसटीएफ की टीम ने बुधवार को जिला विद्यालय निरीक्षक के नेतृत्व में जिलाधिकारी के सचल दस्ते के साथ पहली पाली की परीक्षा के दौरान स्कूल में दबिश दी। इस दौरान स्कूल के अंदर ही साल्वर गैंग के सदस्य बैठकर पेपर हल कर रहे थे। इस टीम के अचानक स्कूल में घेराबंदी के चलते पूरा गैंग हाथ लग गया। ऐसे में टीम ने एक के बाद एक गैंग के सभी 26 लोगों को दबोच लिया। टीम के साथ मौजूद पुलिस ने इन लोगों के पास से मूल प्रश्न पत्र और हल कॉपी बरामद किया है।
लखनऊ तक मचा हड़कंप
टीम ने जैसे ही इस कार्रवाई की सूचना जिलाधिकारी और शासन को दी, मुरादाबाद से लखनऊ तक हड़कंप मच गया। आनन फानन में पुलिस और प्रशासन के उच्चाधिकारी मौके पर पहुंच गए। मौके से पकड़े गए सभी आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लेकर ठाकुरद्वारा कोतवाली पहुंचा दिया। अब पुलिस और एसटीएफ की टीम गैंग के सदस्यों से अलग अलग पूछताछ कर रही है। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विद्या सागर मिश्रा ने बताया कि यह कार्रवाई कुआंखेड़ा खालसा स्थित बीएस इंटर कालेज में हुई है। उन्होंने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जरूरी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
डिग्री कॉलेज में लिखी जा रही थीं कापियां
जानकारी के मुताबिक टीम दबिश देने पहुंची तो परीक्षा केंद्र में सामान्य रूप से परीक्षा आयोजित हो रही थी। वहीं करीब करीब पांच सौ मीटर दूर स्थित बीएस डिग्री कालेज के कमरों में 26 लोग बैठकर कापियां लिखते पाए गए। यह सभी लोग अंग्रेजी का पेपर हल कर रहे थे। इनमें चार महिलाएं शामिल हैं। इसके अलावा पकड़े गए साल्वर गैंग में बेसिक शिक्षा विभाग के दो शिक्षक व एक शिक्षामित्र भी शामिल हैं।
ये भी देखें:- https://www.youtube.com/watch?v=hKQlBW5FTeI
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : सपना चौधरी मामले में हड़ताल के कारण टली बहस, अब 12 को होगी सुनवाई
