नैनीताल: राजभवन में तीन साल बाद होने जा रहा गवर्नर कप गोल्फ प्रतियोगिता का आगाज
दीपिका नेगी, नैनीताल। गोल्फ प्रेमियों के यह अच्छी खबर है। उत्तराखंड के नैनीताल राजभवन में खेली जाने वाली गवर्नर कप गोल्फ प्रतियोगिता का आयोजन तीन साल बाद होने जा रहा है। कोरोना महामारी के कारण लंबे समय से प्रतियोगिता का आयोजन नहीं किया गया। इस बार मई में होने वाली प्रतियोगिता के लिए तैयारियां शुरू …
दीपिका नेगी, नैनीताल। गोल्फ प्रेमियों के यह अच्छी खबर है। उत्तराखंड के नैनीताल राजभवन में खेली जाने वाली गवर्नर कप गोल्फ प्रतियोगिता का आयोजन तीन साल बाद होने जा रहा है। कोरोना महामारी के कारण लंबे समय से प्रतियोगिता का आयोजन नहीं किया गया। इस बार मई में होने वाली प्रतियोगिता के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसे लेकर राज्यपाल गुरमीत सिंह ने दिशा निर्देश जारी किए हैं। वह टी ऑफ कर (पहला शॉट खेलकर ) टूर्नामेंट का उद्घाटन करेंगे।
नैनीताल गोल्फ कोर्स में गोल्फ खेलना काफी कठिन माना जाता है। 18 होल्स में खेले जाने वाले स्ट्रोक में खिलाडियों को अपना दमखम दिखाना पड़ता है। हर वर्ष होने वाली इस प्रतियोगिता में देश भर के गोल्फ प्रेमी हिस्सा लेते हैं। यह प्रतियोगिता कोरोना के कारण वर्ष 2019 के बाद नहीं हो सकी थी। इस बार 18 वें गवर्नर्स गोल्फ कोर्स में 150 से भी ज्यादा खिलाड़ियों के हिस्सा लेने की उम्मीद है। तीन दिवसीय प्रतियोगिता के लिए 45 एकड़ में फैले गोल्फ ग्राउंड को तैयार किया जा रहा है, जिसके लिए मोबिल ऑयल और मिट्टी मंगाई गई है। नैनीताल राजभवन गोल्फ कोर्स के कैप्टन हरीश शाह ने बताया कि अभी टूर्नामेंट की तिथि निर्धारित नहीं की गई है, लेकिन आयोजन मई माह में ही होगा। इसका उद्घाटन राज्यपाल गुरमीत सिंह करेंगे।

एएआई ने ट्वीट किया इतिहास
राजभवन गोल्फ कोर्स की ऐतिहासिक विशेषता को बताते हुए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने भी ट्वीट कर इसे शेयर किया है। इसमें बताया है कि यह भारत के सबसे पुराने गोल्फ कोर्स में से एक है। सन 1926 में अंग्रेजों द्वारा स्थापित किया गया था, जो कि भारतीय गोल्फ संघ से संबंधित है। पहाड़ी परिदृश्य की हरी-भरी हरियाली में स्थित 18 होल गोल्फ कोर्स खिलाड़ियों के लिए यहां का मुख्य आकर्षण है।
साथ ही उन्होंने इस ट्वीट के जरिए यह भी दर्शाने की कोशिश की कि यहां से निकटतम हवाई अड्डा पंतनगर के होने से राजभवन पहुंचने की दिशा आसान हो गई है। हाल ही में पंतनगर से कई विमान सेवाएं शुरू की गई है जिसके चलते देशभर के लोगों को नैनीताल और उसके आसपास के इलाकों में पहुंचने के लिए आसानी हो गई है, जिससे पर्यटन विकास की संभावनाओं को भी नये आयाम मिलने की संभावनाएं हैं।
100 सदस्य हैं क्लब में
गोल्फ क्लब में वर्तमान में करीब 100 सदस्य हैं, इनमें 20 महिलायें हैं। अधिकांश मेंबर रिटायर्ड आर्मी पर्सन हैं। क्लब की लाइफ टाइम मेंबरशिप की फीस करीब एक लाख रुपये है।
