Thailand Open : गोविंद साहनी ने थाईलैंड ओपन मुक्केबाजी में जीता स्वर्ण पदक, अमित पंघाल को रजत पदक से करना पड़ा संतोष

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। भारतीय मुक्केबाजों गोविंद साहनी (48 किग्रा), अनंत प्रह्लाद चोपाडे (54 किग्रा) और सुमित (75 किग्रा) ने शनिवार को फुकेट में थाईलैंड ओपन के अपने अपने मुकाबलों में आसान जीत के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किए। गत राष्ट्रीय चैंपियन गोविंद और सुमित दोनों भारतीय मुक्केबाजों ने अपने दमदार मुक्कों से तीनों दौर में …

नई दिल्ली। भारतीय मुक्केबाजों गोविंद साहनी (48 किग्रा), अनंत प्रह्लाद चोपाडे (54 किग्रा) और सुमित (75 किग्रा) ने शनिवार को फुकेट में थाईलैंड ओपन के अपने अपने मुकाबलों में आसान जीत के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किए। गत राष्ट्रीय चैंपियन गोविंद और सुमित दोनों भारतीय मुक्केबाजों ने अपने दमदार मुक्कों से तीनों दौर में दबदबा बनाते हुए 5-0 के समान अंतर से जीत दर्ज की।

गोविंद ने स्थानीय दावेदार नटहाफोन थुआमचेरोन को जबकि सुमित ने पीतापत यीसुंगनियोन को हराया। अनंत ने आक्रामकता और रक्षण का अच्छा मिश्रण करते हुए थाईलैंड के ही रितियामोन सेइंगसवांग को सर्वसम्मत फैसले से हराया। अमित पंघाल (52 किग्रा), मोनिका (48 किग्रा), वरिंदर सिंह (60 किग्रा) और आशीष कुमार (81 किग्रा) को हालांकि फाइनल में हार के साथ रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

विश्व चैंपियनशिप 2019 के रजत पदक विजेता पंघाल को फिलिपीन्स के रोगेन लेडन के खिलाफ बेहद कड़े मुकाबले में खंडित फैसले में 2-3 से शिकस्त का सामना करना पड़ा। दोनों मुक्केबाजों के बीच बेहद कड़ा मुकाबला देखने को मिला। भारत के 26 साल के पंघाल ने पहला दौर जीता लेकिन लेडन अगले दो दौर जीतकर मुकाबला अपने नाम करने में सफल रहे। दूसरी तरफ मोनिका को भी कड़ी चुनौती पेश करने के बावजूद स्थानीय मुक्केबाज चुटामस राक्सा के खिलाफ 0-5 की हार के साथ रजत पदक मिला।

टूर्नामेंट के पिछले सत्र में भारत ने एक स्वर्ण, चार रजत और तीन कांस्य पदक के साथ कुल आठ पदक जीते थे। इस प्रदर्शन में सुधार करते हुए भारत ने इस बार तीन स्वर्ण, चार रजत और तीन कांस्य पदक से 10 पदक जीते। शुक्रवार को मनीषा (57 किग्रा), पूजा (69 किग्रा) और भाग्यवती कचारी (75 किग्रा) ने कांस्य पदक जीते। टूर्नामेंट के स्वर्ण पदक विजेता को दो हजार डॉलर जबकि रजत और कांस्य पदक विजेता को क्रमश: एक हजार डॉलर और 500 डॉलर मिले।

ये भी पढ़ें : पीवी सिंधु का कोरिया ओपन जीतने का सपना टूटा, सेमीफाइनल में कोरियाई खिलाड़ी An Se-young ने हराया

संबंधित समाचार