मुरादाबाद: युवक की जहर के सेवन से संदिग्ध हालात में मौत, पिता ने लगाया हत्या का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। जहर के सेवन से युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। ममेरे भाई ने उसे गंभीर हालत में शनिवार रात करीब दस बजे जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां करीब एक घंटे बाद ही उसने दम तोड़ दिया। मृतक के पिता ने उसकी पत्नी, ससुर, साले और उसकी पत्नी पर …

मुरादाबाद, अमृत विचार। जहर के सेवन से युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। ममेरे भाई ने उसे गंभीर हालत में शनिवार रात करीब दस बजे जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां करीब एक घंटे बाद ही उसने दम तोड़ दिया। मृतक के पिता ने उसकी पत्नी, ससुर, साले और उसकी पत्नी पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम में जहर से मौत की पुष्टि हुई। मृतक के परिवार में कोहराम मचा है।

मझोला थाना क्षेत्र के गांव मनोहरपुर निवासी ओमप्रकाश सैनी टाइल्स के कारीगर हैं। उनके परिवार में पत्नी शांति देवी उर्फ नन्ही के अलावा दो बेटे राहुल, बबलू तथा दो बेटी पूजा और सिमरन हैं। ओमप्रकाश सैनी ने बताया कि उनका बड़ा बेटा 22 वर्षीय राहुल मंडी समिति के पास एफसीआई में पल्लेदारी करता था। डेढ़ साल पूर्व राहुल का विवाह कांशीराम नगर सोनकपुर निवासी रतनलाल की पुत्री नेहा के साथ हुआ था। नेहा देवी जागरण में भजन गाने का काम करती है। राहुल इसके लिए मना करता था। इसी को लेकर उनके बीच अनबन रहती थी।

इसी के चलते नेहा ने मिलन विहार में किराए का कमरा ले लिया था। इसमें वह राहुल के साथ रहती थी। वह राहुल को बिना बताए दो दिन के लिए कहीं गई थी। पूछने पर नेहा ने बताया था कि वह अपने मुंह बोले भाई नया मुरादाबाद के सेक्टर 12 निवासी मुकेश के साथ गई थी। मुकेश की पत्नी माला भी ऑर्केस्टा में काम करती है। इसे लेकर राहुल और नेहा के बीच काफी झगड़ा हुआ था। इसके बाद नेहा ने महिला थाने में शिकायत कर दी थी। करीब ढाई महीने पूर्व नेहा ने बेटी को जन्म दिया था। महिला थाना पुलिस ने नेहा को समझाने का प्रयास किया था मगर वह तलाक लेने पर अड़ी थी। इसके बाद वह बेटी को लेकर मायके चली गई थी।

उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह राहुल अपनी नवजात बेटी को देखने के लिए ससुराल गया था। वहां नेहा ने उसे अपनी बेटी को देखने तक नहीं दिया। आरोप है कि पत्नी ने अपने मुंह बोले भाई, भाभी और पिता के साथ मिलकर उनके बेटे को जहर खिला दिया। इसके बाद राहुल वहां से किसी तरह निकल भागा और रामतलैया में रहने वाले अपने मामा के घर जा रहा था। प्रकाश नगर चौराहे पर उसे ममेरा भाई कमल मिल गया। तब राहुल की हालत बेहद खराब थी। कमल ने ही उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। जानकारी मिलते ही परिवार वाले भी पहुंच गए। उपचार के दौरान देर रात करीब 11 बजे राहुल की मौत हो गई। इंस्पेक्टर मझोला ने बताया कि तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।

प्रेमी संग मिलकर की थी राहुल की पिटाई
मृतक के पिता ओमप्रकाश ने बताया कि करीब ढाई महीने पूर्व ससुराल वालों ने राहुल को नया मुरादाबाद बुलाया था। वहां राहुल के साथ मारपीट की गई थी। इसमें उसकी पत्नी नेहा के अलावा मुंह बोला भाई भी शामिल था। तभी से राहुल अवसाद में रहने लगा था। ओमप्रकाश ने बताया कि बेटे की मौत के लिए उसकी पत्नी नेहा व मुंह बोला भाई, भाभी तथा पिता जिम्मेदार हैं।

बेटी की एक झलक के लिए घंटों धूप में खड़ा रहा था राहुल
सोनकपुर हड्डी मिल के पास रहने वाले लोगों ने बताया कि राहुल पत्नी से मिलने के लिए दोपहर के समय आया था। घंटों तक वह घर के बाहर धूप में खड़ा रहा। मगर नेहा ने उससे बात नहीं की। इतना ही नहीं इस दौरान नेहा व उसके परिजनों ने उसे कई बार हड़काया भी था।

ये भी पढ़ें:- सीएम रेड्डी ने की नए मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने वाले 25 नामों की घोषणा 

संबंधित समाचार