मुरादाबाद : 36 घंटे बाद भी ट्रेनों में लूट का कोई सुराग नहीं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। दो यात्री ट्रेनों में हुई लूट का राजकीय रेल पुलिस व रेलवे सुरक्षा बल 36 घंटे बाद भी खुलासा नहीं कर पाई है। लुटेरों की खोजबीन के लिए जीआरपी व आरपीएफ समेत छह टीमें गठित की गई हैं। एसओजी व सर्विलांस टीम को भी लगाया है। लेकिन अभी तक गिरफ्तारी तो दूर, …

मुरादाबाद, अमृत विचार। दो यात्री ट्रेनों में हुई लूट का राजकीय रेल पुलिस व रेलवे सुरक्षा बल 36 घंटे बाद भी खुलासा नहीं कर पाई है। लुटेरों की खोजबीन के लिए जीआरपी व आरपीएफ समेत छह टीमें गठित की गई हैं। एसओजी व सर्विलांस टीम को भी लगाया है। लेकिन अभी तक गिरफ्तारी तो दूर, लुटेरों का कोई सुराग ही नहीं मिल सका है।

गोविंदनगर आउटर पर बदमाशों ने शनिवार की देर रात एक घंटे के अंतराल पर दो ट्रेनों में धावा बोला था। तलवार व तमंचे से लैस चार बदमाश रात एक बजकर 40 मिनट पर फैजाबाद से दिल्ली जा रही अयोध्या एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में घुसे थे और कई यात्रियों को निशाना बनाया और लूटपाट की। शालिनी से चेन व कुंडल छीने गए। जीआरपी के अनुसार इस ट्रेन से करीब 18500 रुपये का सामान लूटा गया।

इन यात्रियों के जीआरपी में तहरीर देने तक बदमाशों ने एक घंटे के भीतर ही लालकुंआ से अमृतसर जा रही एक्सप्रेस को भी निशाना बना लिया। बदमाश रात दो बजकर 45 मिनट पर ट्रेन के एसी कोच में घुसे और एक दंपत्ति को लूटकर फरार हो गए थे। महिला ने चंडीगढ़ में मामले की तहरीर दी। रात सवा तीन बजे रेलवे पुलिस एक्टिव हो गई। लूट की घटनाओं को लेकर दो मुकदमे दर्ज कराए गए हैं।

ट्रेन के मुरादाबाद से निकलने के बाद आरपीएफ ने एस्कोर्ट कराया। दो ट्रेन लूट की वारदातों से पुलिस भी हलकान है। केस के खुलासे के लिए जीआरपी, एसओजी और आरपीएफ, आरपीएफ की सीआईबी के अलावा सर्विलांस के साथ कटघर थाना पुलिस भी अलग-अलग पहलुओं पर बदमाशों को गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी है। लेकिन घटना के 36 घंटे बाद भी रेलवे व सिविल पुलिस की टीमें अभी बदमाशों को पकड़ने में कामयाब नहीं हो पाई है।

संबंधित समाचार