प्रेम विवाह के पांच दिन बाद युवक ने जहर खाकर दी जान
अमृत विचार, पीलीभीत। प्रेम विवाह के पांच दिन बाद लड़की का परिवार रोड़ा बना तो जहानाबाद के एक युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। मृतक के …
अमृत विचार, पीलीभीत। प्रेम विवाह के पांच दिन बाद लड़की का परिवार रोड़ा बना तो जहानाबाद के एक युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। मृतक के परिजनों ने लड़की के परिजन की ओर से की जा रही प्रताड़ना और 60 हजार रुपये की डिमांड को खुदकुशी की वजह बताया है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। अभी किसी तरह की एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
कस्बा जहानाबाद के मोहल्ला मिसरनटोला निवासी हेमंत जोशी पुत्र शिवदयाल मजदूरी करते थे। परिजन के अनुसार उसका प्रेम प्रसंग माधोटांडा थाना क्षेत्र की एक युवती से चल रहा था। दोनों ने सात अप्रैल को एक मंदिर में जाकर शादी रचा ली। इसके बाद लड़की बतौर पत्नी घर आकर रहने लगी। उधर, लड़की के परिजन ने फुसलाकर ले जाने की रिपोर्ट हेमंत समेत पांच लोगों के खिलाफ दर्ज करा दी थी। इसकी जानकारी उन्हें हुई थी। बीते दिनों पुलिस के साथ लड़की के परिवार वाले उनके घर आए।
कानूनी कार्रवाई का हवाला देते हुए पुलिस लड़की को अपने साथ ले गई। इससे हेमंत परेशान रहने लगा था। आरोप है कि लड़की पक्ष से बातचीत की गई, लेकिन वह लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। लड़की वापस भेजने और मामला निपटाने के लिए 60 हजार रुपये की मांग रख दी गई। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने की वजह से हेमंत रुपये देने में असमर्थ था। जब कहीं कोई समाधान नजर न आया तो सोमवार को उसने घर पर ही जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिवार में खलबली मच गई।
आनन-फानन में रात करीब नौ बजे परिवार वाले उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे और भर्ती करा दिया। जहां देर रात साढ़े 12 बजे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी जुटाई। उसके बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। मृतक के परिवार ने लड़की पक्ष की प्रताड़ना को खुदकुशी की मुख्य वजह बताते हुए कार्रवाई की मांग की। उधर, पुलिस का कहना है कि युवक की मौत की सूचना मिलने पर शव पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- पीलीभीत: रिहायशी इलाके में रहने वाले केन टाइगरों पर मंडराया खतरा
