शाहजहांपुर: रुला रही बिजली, गर्मी ने किया बेहाल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार। दिन पर दिन तापमान बढ़ता जा रहा है, वहीं बिजली ने भी अपनी मनमानी शुरू कर दी है। कलान, खुदागंज, पुवायां में बिजली की ट्रिपिंग से लोग परेशान नजर आ रहे हैं। कलान में रात भर में 15 बार बिजली की ट्रिपिंग हुईं, वहीं खुदागंज में भी बिजली की कटौती हो रही …

शाहजहांपुर, अमृत विचार। दिन पर दिन तापमान बढ़ता जा रहा है, वहीं बिजली ने भी अपनी मनमानी शुरू कर दी है। कलान, खुदागंज, पुवायां में बिजली की ट्रिपिंग से लोग परेशान नजर आ रहे हैं। कलान में रात भर में 15 बार बिजली की ट्रिपिंग हुईं, वहीं खुदागंज में भी बिजली की कटौती हो रही है, यही हाल पुवायां में भी बिजली का है। बिजली कटौती के बीच मच्छरों ने भी परेशान कर रखा है।

कलान। बिजली कटौती दिन पर दिन बढ़ती ही जा रही है। मंगजवार रात 15 बार बिजली कट हुई, जिस कारण उपभोक्ताओं को पूरी रात दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दिन के 11 बजे बिजली चले जाने के बाद शाम तक बिजली के दर्शन होना मुश्किल हो जाते हैं। इसके अलावा रात में जब बिजली की सप्लाई दी जाती है तो भी बार-बार बिजली की कटौती की जाती है।

बिजली न मिल पाने के कारण उपभोक्ताओं को दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। मंगलवार रात कटौती की गई, 10 बजे के लगभग बिजली की सप्लाई आई। एक घंटे बिजली सप्लाई नहीं मिली और बिजली कट हो गई। इसके बाद सिलसिला पूरी रात चलता रहा। उपभोक्ताओं का कहना है कि लगभग 15 बार बिजली कट की गई। एक घंटा लगातार बिजली की सप्लाई उपभोक्ताओं को नहीं मिल पाई। बिजली की कटौती दूसरे मच्छरों का प्रकोप कस्बे के लोगों के लिए मुसीबत बना हुआ है। उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग के अधिकारियों और डीएम से कटौती बंद कराए जाने की मांग की है।

बार-बार स्ट्रिपिंग बनी बड़ी समस्या

खुदागंज। इन दिनों खुदागंज क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था डामाडोल चल रही है। इस भीषण गर्मी में बार-बार होने वाली ट्रिपिंग एक बड़ी समस्या बनी हुई है। तीन-चार दिन से जहां गर्मी ने अपना विकराल रूप दिखाना प्रारंभ किया है, इसी के साथ विद्युत व्यवस्था भी ध्वस्त होती नजर आ रही है, जहां दिन में दर्जनों दफा बिजली कटौती की जा रही है, वहीं रात में भी बार-बार बिजली जाने से लोगों को घरों के बाहर बैठकर विद्युत विभाग को कोसा जा रहा है।

सरकार विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश जारी कर रही है तो वहीं खुदागंज नगर में बिजली के तारों की लाइने कई जगह दिन भर में टूटने के मामले सामने आ रहे हैं, ऐसे में बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होने वाले छात्रों को भी पढ़ाई करने में दिक्कतें आ रही हैं। 24 घंटें में विद्युत व्यवस्था सैकड़ों बार ट्रिपिंग के चलते बाधित हुई। जर्जर लाइनों पर काम हो पाता है वैसे ही रोस्टिंग का हवाला देकर बिजली कटौती की जा रही है। व्यापार मंडल अध्यक्ष कृपाशंकर रस्तोगी ने विद्युत सुधार की मांग की है।

बिजली कटौती हुई तो पेयजल को तरस गए लोग
पुवायां। बिजली कटौती का आलम यह है कि न दिन का पता है और न ही रात का पता है कि बिजली कब आएगी, कब जाएगी। ऐसे में लोग भीषण गर्मी के साथ ही पेयजल को भी तरस जाते हैं। रात करीब 10:30 बजे बिजली कट कर दी गई। इसके बाद भीषण गर्मी में बेहाल लोग छत पर पहुंचे तो यहां उन्हें मच्छरों ने बैठना मुश्किल कर दिया।

लगभग डेढ़ घंटे बाद बिजली आई तब लोगों ने राहत की सांस ली। इसके बाद रात में जब लोग गहरी नींद में थे, तभी फिर अचानक बिजली कट हो गई और लोग फिर गर्मी से बेहाल हो गए। सुबह लगभग पांच बजे बिजली आई तो सुकून मिला। सुबह करीब आठ बजे लोग नहाने की तैयारी कर रहे थे, तभी बिजली चली गई।

फिर क्या मोटर भी नहीं चल पाया और लोग नहा भी नहीं पाए और पेयजल को लेकर भी परेशान रहे। लगभग एक घंटे बाद बिजली आई, तब लोगों ने नहाना-धोना शुरू किया, ऐसे में सबसे अधिक परेशानी समय से पहुंचने वाले नौकरी-पेशा वाले लोगों को हुई।

ये भी पढ़ें-

बरेली: साइबर सेल ने महज 48 घंटों में वापस कराई ठगी हुई 49 हजार से अधिक की धनराशि

संबंधित समाचार