MI vs PBKS, IPL 2022: धवन व मयंक ने जड़ा अर्धशतक, पंजाब ने मुंबई को दिया 199 रनों का लक्ष्य

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पुणे। सलामी बल्लेबाज शिखर धवन (70) और कप्तान मयंक अग्रवाल (52) के अर्धशतकों और फिर जितेश शर्मा (30) और शाहरुख खान (15) की विस्फोटक पारियों की बदौलत पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 2022 आईपीएल के 23वें मैच में बुधवार को 20 ओवर में पांच विकेट पर 198 रन का विशाल स्कोर बना लिया। …

पुणे। सलामी बल्लेबाज शिखर धवन (70) और कप्तान मयंक अग्रवाल (52) के अर्धशतकों और फिर जितेश शर्मा (30) और शाहरुख खान (15) की विस्फोटक पारियों की बदौलत पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 2022 आईपीएल के 23वें मैच में बुधवार को 20 ओवर में पांच विकेट पर 198 रन का विशाल स्कोर बना लिया।

पंजाब ने टॉस हार कर पहले बल्लेबाजी करते हुए मजबूत शुरुआत की। मयंक और धवन ने पहले पावरप्ले (छह ओवर) में बिना कोई विकेट गंवाए 65 रन जोड़े। दोनों खिलाड़ियों ने मुंबई के गेंदबाजों की कड़ी परीक्षा ली। वे 100 रन की साझेदारी की ओर बढ़ रहे थे कि 10 ओवर की तीसरी गेंद और 97 के स्कोर पर मयंक के रूप में पंजाब का पहला विकेट गिर गया।

इसके बाद धवन हालांकि एक छोर पर टिके रहे और तेजी से रन बटोरते रहे। तीसरे नंबर पर खेलने आए जॉनी बेयरस्टो आज फिर फॉर्म से जूझते दिखे और 13 गेंदों पर 12 रन बना कर आउट हो गए। 127 के स्कोर पर पंजाब का यह दूसरा विकेट था। इनफॉर्म बल्लेबाज लियाम लिविंगस्टोन भी आज महज दो रन बना कर आउट हो गए। 130 के स्कोर पर उनका विकेट गिरा।

पंजाब को हालांकि विकेटों के गिरने से कोई दिक्कत नहीं हुई। शिखर एक छोर पर चौके-छक्के लगाते रहे, जिससे पारी आगे बढ़ती रही। इस बीच 151 के स्कोर पर धवन भी आउट हो गए। फिर अंत में जितेश शर्मा और शाहरुख खान ने मजबूत शुरुआत का फायदा उठाते हुए ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी की। दोनों बल्लेबाजों ने आखिरी तीन ओवरों में 47 रन बनाए और टीम को 198 के बड़े स्कोर तक पहुंचाया।

धवन ने पांच चौकों और तीन छक्कों के दम पर 50 गेंदों पर सर्वाधिक 70 और मयंक ने छह चौकों और दो छक्कों के सहारे 32 गेंदों पर 52 रन बनाए, जबकि जितेश ने दो चौकों और दो छक्कों की बदौलत 15 गेंदों पर 30 और शाहरुख ने दो छक्कों की मदद से छह गेंदों पर 15 रन की तूफानी पारी खेली। मुंबई की ओर से बासिल थम्पी ने चार ओवर में 47 रन खर्च कर दो विकेट लिए। उनके अलावा जसप्रीत बुमराह, जयदेव उनादकट और मुरुगन अश्विन को एक-एक विकेट मिला।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं:

मुंबई इंडियंस : रोहित शर्मा (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), देवाल्ड ब्रेविस, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, कीरोन पोलार्ड, टाइमल मिल्स, मुरुगन अश्विन, जयदेव उनादकट, जसप्रीत बुमराह, बासिल थम्पी।

पंजाब किंग्स : मयंक अग्रवाल (कप्तान), जॉनी बेयरस्टो (विकेटकीपर), शिखर धवन, लियाम लिविंगस्टोन, जितेश शर्मा, शाहरुख खान, ओडियन स्मिथ, कैगिसो रबादा, राहुल चाहर, वैभव अरोड़ा, अर्शदीप सिंह।

यह भी पढ़ें:-मुरादाबाद : अपहरण-रंगदारी के लिए बनाया गिरोह, गैंगस्टर एक्ट में मामला दर्ज

संबंधित समाचार