अयोध्या: वित्तीय वर्ष में 32 प्रतिशत अधिक बिकी शराब, अवैध शराब के 1011 मामलों का हुआ भंडाफोड़
अयोध्या। जनपद में 2021-22 वित्तीय वर्ष में रिकॉर्ड शराब की बिक्री हुई है। इस बार 22 से 32 प्रतिशत अधिक शराब का कारोबार हुआ है। विभागीय आंकड़ों की मानें तो जिले में 300 करोड़ 27 लाख रुपए का शराब का कारोबार हुआ है। अधिक राजस्व मिलने से विभाग भी झूमने लगा है। साल भर के …
अयोध्या। जनपद में 2021-22 वित्तीय वर्ष में रिकॉर्ड शराब की बिक्री हुई है। इस बार 22 से 32 प्रतिशत अधिक शराब का कारोबार हुआ है। विभागीय आंकड़ों की मानें तो जिले में 300 करोड़ 27 लाख रुपए का शराब का कारोबार हुआ है। अधिक राजस्व मिलने से विभाग भी झूमने लगा है। साल भर के दौरान आबकारी विभाग ने 1,011 अवैध शराब के मामलों का भंडाफोड़ भी किया।
आबकारी विभाग के अधिकारियों की मानें तो 2020-21 की तुलना में 2021-22 में रिकॉर्ड शराब का कारोबार हुआ है। वित्तीय वर्ष में जिले में 75 लाख 37 हजार 214 लीटर देसी शराब की बिक्री हुई, जबकि वित्तीय वर्ष 2020-21 में 57 लाख 38 हजार 292 लीटर शराब की बिक्री हुई थी।
जिले में देसी शराब के कारोबार में 32 प्रतिशत इजाफा हुआ। अंग्रेजी शराब के बिक्री में 23 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। 2021-22 में दो लाख 84 हजार 100 बोतल की बिक्री हुई, जबकि पिछले वित्तीय वर्ष में दो लाख 28 हजार 310 बोतल की बिक्री हुई थी।
बियर का जिले में सबसे अधिक कारोबार हुआ है। साल 2021-22 में जनपद में 68 प्रतिशत का कारोबार हुआ। इस वर्ष 55 लाख 57 हजार 953 केन की बिक्री हुई, जबकि पिछले वित्तीय वर्ष में 33 लाख 16 हजार 760 लीटर केन की बिक्री हुई थी।
इस वर्ष शराब की बिक्री अच्छी हुई है। जनपद में विभाग ने 2021-22 में अवैध कारोबार पर शिकंजा कसा है। आबकारी विभाग ने 1011 अवैध शराब कारोबार के मामले पकड़े हैं, जिसमें 20 बड़े मामले हैं। इस दौरान 44 हजार 900 लीटर अवैध शराब को नष्ट कराया गया। -अतुल चंद्र द्विवेदी, जिला आबकारी अधिकारी
पढ़ें- अयोध्या: आबकारी विभाग ने शुरू की शराब की दुकानों के आवंटन की तैयारी, अब होगी ई-नीलामी
