बदायूं: आईजी ने दिया व्यापारी से लूट के खुलासे का निर्देश
बदायू, अमृत विचार। विधानसभा चुनाव के बाद से जिले में अपराध बढ़ गया है। एक तरफ घटनाओं के खुलासे हो रहे हैं तो दूसरी ओर लूट की वारदात हो रही हैं। जिनका खुलासा नहीं हो पा रहा है। गुरुवार को थाना बिनावर क्षेत्र में बरेली-आगरा राजमार्ग पर बरेली के कपड़ा व्यापारी से 7.54 लाख रुपये …
बदायू, अमृत विचार। विधानसभा चुनाव के बाद से जिले में अपराध बढ़ गया है। एक तरफ घटनाओं के खुलासे हो रहे हैं तो दूसरी ओर लूट की वारदात हो रही हैं। जिनका खुलासा नहीं हो पा रहा है। गुरुवार को थाना बिनावर क्षेत्र में बरेली-आगरा राजमार्ग पर बरेली के कपड़ा व्यापारी से 7.54 लाख रुपये की लूट हुई। देर रात आईजी घटना स्थल पर पहुंचे। पीड़ित व्यापारी से बात की। जल्द खुलासा करने का निर्देश दिया है। पुलिस ने देर रात तक चेकिंग अभियान चलाया।
गुरुवार को शाम लगभग साढ़े चार बजे बरेली-आगरा राजमार्ग पर थाना बिनावर क्षेत्र के गांव मलगांव के पास रेलवे क्रॉसिंग पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने कपड़ा व्यापारी हिमांशु से लाखों रुपये की लूट की थी। तमंचा दिखाकर व्यापारी की कार को रोका। तमंचे से ही कार का शीशा तोड़ा और व्यापारी के ऊपर तमंचा तानकर रुपये रखा बैग लेकर बदायूं शहर की ओर भाग गए।
व्यापारी के शिकायत करने पर एसएसपी डॉ. ओपी सिंह, एसपी सिटी प्रवीण सिंह चौहान, सीओ सिटी आलोक मिश्रा ने घटना स्थल पर पहुंचकर व्यापारी से जानकारी की थी। थाना बिनावर में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। देर रात आईजी रमित शर्मा घटना स्थल पर पहुंचे। पीड़ित व्यापारी से घटना के बारे में पूछताछ की। एसएसपी से अब तक की गई कार्रवाई के बारे में जानकारी की। बदायूं पुलिस को जल्द घटना का खुलासा करके आरोपियों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया है। जिसके बाद पुलिस ने शहर में देर रात तक जगह-जगह चेकिंग अभियान चलाया।
कार्यक्रम में पुलिस, बदमाशों ने उठाया फायदा
मलगांव के रेलवे क्रॉसिंग के पास अक्सर ही पुलिस पिकेट खड़ी होती है। पुलिसकर्मी राह से गुजरने वाले हर किसी पर नजर रखते हैं लेकिन शुक्रवार को थाना पुलिस डॉ. भीमराव आंबेडकर कार्यक्रम की सुरक्षा में थी और बदमाशों ने इसका फायदा उठाकर घटना को अंजाम दे दिया।
पुलिस ने खंगाली सीसीटीवी फुटेज
घटना के बाद पूरे मंडल में लूट की खबर फैल गई। एसएसपी के निर्देश पर थाना बिनावर क्षेत्र के अलावा कोतवाली सदर, कोतवाली सिविल लाइन और थाना मूसाझाग की पुलिस सक्रिय हो गई। कोतवाली सिविल लाइन और सदर पुलिस ने व्यापारी की दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। बताया जा रहा है कि पुलिस जल्द ही इस लूट की घटना का खुलासा कर देगी।
सन्नाटे में लोगों को निशाना बना रहे लुटेरे
लुटेरे सन्नाटे में लोगों को निशाना बनाकर लूट करके भाग जा रहे हैं। थाना मूसाझाग क्षेत्र में मुख्य मार्ग पर महिला से डेढ़ लाख रुपये की लूट हुई। बरेली-आगरा राजमार्ग पर एक सर्राफा व्यापारी, एक बैंक कर्मचारी के बाद इसी राजमार्ग पर यह तीसरी लूट हुई। थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र में आढ़ती से साढ़े पांच लाख की लूट हुई। थाना अलापुर क्षेत्र में लोगों के साथ लूट करके उन्हें बांधकर डाल दिया गया। थाना कादरचौक क्षेत्र में दूध के व्यापारियों को गोली मारकर लगभग 19 हजार रुपये लूटे गए। इन घटनाओं में तीन का खुलासा हो चुका है। इससे साफ है कि बदमाश भीड़भाड़ वाले इलाकों से नजर रखते हैं और सन्नाटे में जाकर घटना को अंजाम दे रहे हैं।
ये भी पढ़ें-
बरेली: जमीन विवाद में चले लाठी डंडे, बच्चे बिलखते रहे- मेरी मम्मी को मत मारो… वीडियो वायरल
