मुरादाबाद: चौकी के सामने व्यापारी को गोली मारी, गंभीर
मुरादाबाद, अमृत विचार। कोतवाली के बुधबाजार पुलिस चौकी के सामने पर्दा कारोबारी को गोली मार दी गयी। इसके बाद दुकानदारों में सनसनी फैल गयी। घटना शाम के सात बजे की है। घायल कारोबारी को कांठ रोड स्थित एक बड़े अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में परिजनों ने किसी रंजिश से इनकार किया है। …
मुरादाबाद, अमृत विचार। कोतवाली के बुधबाजार पुलिस चौकी के सामने पर्दा कारोबारी को गोली मार दी गयी। इसके बाद दुकानदारों में सनसनी फैल गयी। घटना शाम के सात बजे की है। घायल कारोबारी को कांठ रोड स्थित एक बड़े अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में परिजनों ने किसी रंजिश से इनकार किया है।
बाजार के ताड़ीखाना रोड पर कुमार कुंज निवासी 55 वर्षीय अशोक अग्रवाल की दुकान है। अशोक पर्दा का कारोबार करते हैं। शुक्रवार की शाम वह अपनी दुकान पर बैठे थे। इस दौरान एक व्यक्ति आया और थैले से तमंचा निकाल कर अशोक पर फायर झोंक दिया। कंधे में गोली घंसने से वह लहूलुहान हो गए। गोली मारने के बाद आरोपी आराम से टहलते हुए वहां से खिसक लिया।
घटना को लेकर चौकी प्रभारी और सिपाही देर शाम तक अनभिज्ञ बने रहे। गोली दगने की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार भी मौके पर पहुंच गए और अशोक को लेकर अस्पताल की ओर भागे। जबकि घायल अशोक ने फोन करके परिजनों और पुलिस को घटना की सूचना दी। परिजन घायल को लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां डाक्टरों ने गोली निकाल दी है। डाक्टरों का कहना है कि अभी उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
परिजनों का कहना है कि अशोक अग्रवाल बेहद मिलनसार और पूजा-पाठ वाले व्यक्ति हैं। सात बजे हुई इस घटना के बारे में पौने दस बजे तक पुलिस को कोई जानकारी ही नहीं थी। इंस्पेक्टर अजय कुमार ने इस तरह की किसी घटना की जानकारी होने से इनकार किया है। जबकि बीच बाजार हुई इस घटना से काफी देर तक अफरा-तफरी के हालात बने रहे।
तीन घंटे तक सोती रही पुलिस
करीब सात बजे भरे बाजार में कारोबारी को गोली मार दी गई। मगर सूचना के बाद भी पुलिस ने मौके पर जाना उचित नहीं समझा। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद भी पुलिस कोतवाली में ही आराम फरमाती रही। परिजन घायल को लेकर अस्पताल भी पहुंच गए लेकिन पुलिस ने उनकी कोई खैर-खबर नहीं ली। पुलिस की इस कार्यप्रणाली को लेकर परिजनों में जबरदस्त आक्रोश था।
