नैनीताल: न मिला गो रूम गो चिनार…घुस गए पर्यटक के 22 हजार
नैनीताल, अमृत विचार। पर्यटन सीजन की शुरुआत होने के साथ ही पर्यटकों से धोखाधड़ी और ठगी के मामले भी सामने आने लगे हैं। दिल्ली से ऑनलाइन बुकिंग करवाकर नैनीताल पहुंचे दो पर्यटक परिवारों को ऐसी ही फजीहत झेलनी पड़ी। दिल्ली से बुकिंग करने के दौरान पर्यटकों को थ्री स्टार सुविधा संपन्न कमरों का पैकेज बताते …
नैनीताल, अमृत विचार। पर्यटन सीजन की शुरुआत होने के साथ ही पर्यटकों से धोखाधड़ी और ठगी के मामले भी सामने आने लगे हैं। दिल्ली से ऑनलाइन बुकिंग करवाकर नैनीताल पहुंचे दो पर्यटक परिवारों को ऐसी ही फजीहत झेलनी पड़ी। दिल्ली से बुकिंग करने के दौरान पर्यटकों को थ्री स्टार सुविधा संपन्न कमरों का पैकेज बताते हुए 21,994 रुपये की एडवांस पेमेंट ले ली गई।
लेकिन जब पर्यटक नैनीताल पहुंचे तो उन्हें उस नाम का होटल पूरे शहर में नहीं मिला। जब बुकिंग वाले को कई बार फोन किया गया तो उन्हें ऐसे कमरों में ठहरा दिया गया, जहां ना तो सफाई की व्यवस्था थी और ना ही पार्किंग और बेहतर सर्विस। दो दिन तक परेशान होने के बाद पर्यटकों ने तल्लीताल थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, जवाहर पार्क साउथ दिल्ली निवासी विजय चौधरी और मयंक साहू अपने परिवार के साथ नैनीताल घूमने आए हुए थे। 14 अप्रैल को उन्होंने अगोड़ा वेबसाइट पर दिए गए गो रूम गो चिनार लेक व्यू होटल में बुकिंग करवाई। बुकिंग के दौरान उन्होंने दो डीलक्स डबल रूम बुक करवाए थे। जिसमें पार्किंग, वाईफाई समेत तमाम सुविधाएं देने की बात हुई थी। नैनीताल पहुंचने के बाद जब वह बुक किए गए होटल की लोकेशन पर पहुंचे तो वहां चिनार लेक व्यू नाम से कोई होटल ही नहीं मिला।
काफी तलाशने के बाद चिनार गेस्ट हाउस पहुंचे, मगर गेस्ट हाउस कर्मियों ने एडवांस में उनकी कोई बुकिंग नहीं होने की जानकारी दी। इसके बाद दोनों पर्यटक परिवार परेशान हो गये। उन्होंने वेबसाइट पर दिए नंबर पर फोन किया तो किसी तरह एजेंट ने उन्हें माल रोड स्थित लेक व्यू होटल में ठहरा दिया। एक दिन वहां ठहरने के बाद अगले दिन उन्हें एक दिन के लिए विनायक होटल में ठहराया गया।
विजय चौधरी का आरोप है कि वेबसाइट के माध्यम से उन्होंने जिन सुविधाओं को देखकर रूम बुक करवाया था, दिए गए होटलों में ऐसी कोई भी सुविधा नहीं थी।
ना तो उन्हें डीलक्स डबल दिया गया ना ही वाईफाई और अन्य सुविधाएं दी गईं। यहां तक की उनका वाहन सड़क पर पार्क करवा दिया गया, जिसमें पुलिस द्वारा जैमर लगा दिया गया। अब वह वापस निकलने से पूर्व जैमर खुलवाने के लिए चक्कर काट रहे हैं। वहीं, मामले में एसओ रोहिताश सिंह सागर ने बताया कि पर्यटकों द्वारा शिकायत की गई है। फिलहाल होटल कर्मचारियों से पूछताछ के साथ ही मामले की जांच की जा रही है। वहीं, इस मामले में पीड़ित एक पर्यटक द्वारा परेशान होकर अपने बच्चे के साथ सड़क पर लेटने की फोटो भी वायरल हो रही है।
