शाहजहांपुर: नेताजी के दरबार में फिल्मी स्टाइल में दी गई सजा, वीडियो वायरल
शाहजहांपुर, अमृत विचार। शहर में वायरल हो रहे वीडियो को देखने से किसी फिल्म का सीन प्रतीत होता है, लेकिन यह कोई फिल्मी सीन नहीं है, बल्कि शाहजहांपुर शहर के एक नेताजी के दरबार में युवक को सजा दी गई है। पुलिसिया बेंत से पीटने और फिर मुर्गा बनाकर पीछे से प्रहार करने का वीडियो …
शाहजहांपुर, अमृत विचार। शहर में वायरल हो रहे वीडियो को देखने से किसी फिल्म का सीन प्रतीत होता है, लेकिन यह कोई फिल्मी सीन नहीं है, बल्कि शाहजहांपुर शहर के एक नेताजी के दरबार में युवक को सजा दी गई है। पुलिसिया बेंत से पीटने और फिर मुर्गा बनाकर पीछे से प्रहार करने का वीडियो बनाया गया है। युवक मिन्नतें कर रहा है, लेकिन उसकी बर्बरता से धुनाई का यह वीडियो गुंडई की चरम सीमा दर्शा रहा है।
हालांकि यह वीडियो कई दिनों से सोसल मीडिया पर वायरल हो रहा है, लेकिन घटना होते ही पर्दाफाश करने वाली जिले की बहादुर पुलिस इसे नजर अंदाज करती रही। बहरहाल, अब मामले में पुलिस ने मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज कर ली है, लेकिन पीटने वाला दबंग पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
बता दें कि सोशल मीडिया पर कई दिनों से वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें सफेद कुर्ता, पाजामा और गले में पीले रंग का गमछा डाले युवक नीली जींस और सफेद शर्ट पहने युवक की पुलिसिया डंडे से पिटाई कर रहा है। सोफा पर नंगी पिस्टल भी नजर आ रही है। मौके पर दो अन्य आरोपियों की आवाजें भी आ रही हैं, जिसमें एक युवक कुर्सी हटाते हुए और पीड़ित को पिटवाने में आरोपी की मदद कर रहा है। वैसे तो यह वीडियो कई दिनों से वायरल हो रहा है, लेकिन शुरुआत में पुलिस इसके स्थानीय होने पर ही संदेह जता रही थी।
खुद एसपी सिटी संजय कुमार ने वीडियो के स्थानीय होने पर संदेह जता रहे थे। मामला सोसल मीडिया पर छाया तो पुलिस हरकत में आ गई। थाना सदर बाजार के प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने मोहल्ला हुसैनपुरा निवासी पीड़ित राजीव भारद्वाज को तलाश ली, जिसने पुलिस को हकीकत बता दी।
पीड़ित राजीव ने पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, 13 मार्च 2022 को दोपहर 12 बजे आरोपी प्रतीक तिवारी निवासी साउथ सिटी थाना कोतवाली ने उसे फोन करके कटियाटोला निवासी अग्निवेश गुप्ता उर्फ अग्नि के घर यह कहकर बुलाया कि कुछ जरूरी बता करनी है। वह जब अग्निवेश गुप्ता के घर पहुंचा तो प्रतीक तिवारी व समित्तर मोहल्ला बहादुरगंज और चार अज्ञात लोगों ने कहा कि जो लड़का मेरे यहां काम करता था, वह कहां है।
जानकारी न होने की बात कहते ही सभी लोगों ने एक राय होकर बेंत, जो पुलिस वालों के पास होता है, उससे पीटना शुरू कर दिया। वह मिन्नतें करता रहा, लेकिन वे नहीं मानें। उसे जबरन मुर्गा बनाया गया और पीछे से बेंत से प्रहार कर बेदम कर दिया। उन लोगों ने जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामले में धारा 147, 323, 506 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
धमकी के डर से थाने में शिकायत नहीं की थी
तहरीर में लिखा है कि प्रतीक तिवारी बहुत खतरनाक व्यक्ति है। जुआ और सट्टा का धंधा करता है। उसे लगातार मारते पीटते रहे, कह रहे थे कि वह पुलिस से मुखबिरी करता है। वह सफाई देता रहा और मिन्नतें करता रहा, लेकिन वे लोग नहीं मानें। शोरगुल पर मोहल्ले के लोग एकत्र हो गए तो उसे यह कहते हुए छोड़ा कि यदि कहीं प्रशासन में या अन्यत्र शिकायत की तो शहर में बसने लायक नहीं रखेंगे। उसने लिखा है कि डर के मारे पहले तहरीर नहीं दी थी। अब उसकी जान को खतरा हो गया है। उसने पुलिस से सुरक्षा की भी मांग की है।
धाराएं भी ऐसी कि आरोपी नहीं जाएंगे जेल
वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने आरोपियों और पीड़ित की पहचान तो कर ली है। पीड़ित से तहरीर लेकर रिपोर्ट भी दर्ज कर ली है। लेकिन धाराएं ऐसी लगाईं हैं कि जिनमें पुलिस खुद जेल भेजने से इनकार कर रही है। सदर बाजार के प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार कहते हैं कि साल साल से कम सजा वाले अपराध जमानतीय हैं, इसलिए आरोपी जेल नहीं जाएंगे।
दो को पकड़ा, मिल गई जमानत
प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि वीडियो में अलग बैठे दो आरोपियों को पकड़ लिया गया था, जिनका शनिवार को धारा 151 में चालान भेजा गया। दोनों को जमानत मिल गई है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं।
पीड़ित बोला, हल्की धाराओं में दर्ज हुई रिपोर्ट-उसे जान का खतरा
पीड़ित राजीव भारद्वाज का कहना है कि उसको जबरन बंधक बनाया गया। अपहरण किया गया, लेकिन पुलिस ने हल्की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली। उसने जिन लोगों का नाम नहीं लिया, उन्हें भी पकड़ रही है। पुलिस की मनमानी कार्रवाई से उनकी जान को खतरा बढ़ गया है।
एसपी सिटी का एक दिन पहले कथन
एसपी सिटी संजय कुमार का एफआईआर दर्ज होने से एक दिन पहले कहना था कि वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें पिटाई वाला वीडियो कहां का है, यह स्पष्ट नहीं हो रहा है। इस संबंध में कोई शिकायत नहीं मिली है। यदि कोई शिकायत मिलती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद एसपी सिटी का कथन
एसपी सिटी संजय कुमार ने एफआईआर दर्ज होने के बाद बताया कि वायरल वीडियो में एक युवक की डंडे से पिटाई की जा रही थी। वायरल वीडियो की जांच में पाया गया कि पिटाई करने वाला आरोपी प्रतीक तिवारी है, जबकि पीड़ित राजीव भारद्वाज है। काफी संपर्क करने के बाद राजीव उपस्थित हुआ, जिसने आरोप लगाया है कि उनके यहां काम करने वाले लड़के के बारे में पूछा। न बता पाने पर डंडे से पिटाई की। उसने प्रतीक तिवारी, समित्तर और 4 अज्ञात लोगों पर जान से मारने की धमकी के भी आरोप लगाए हैं। जिसमें से दो को पकड़ लिया गया है और उन पर कार्रवाई की गई है।
