मुरादाबाद : भगवा यात्रा में नारेबाजी से माहौल गरमाया, दुकानें बंद
मुरादाबाद,अमृत विचार। हनुमान जन्मोत्सव की भगवा यात्रा के दौरान नारेबाजी और डीजे को लेकर अलग-अलग संप्रदाय के गुटों में विवाद हो गया। सदर कोतवाली के सामने डीजे के गाने को लेकर एक पक्ष ने गली से बाहर निकलकर विरोध किया। इसके बाद दोनों ओर से तनातनी के माहौल हो गया। दोनों संप्रदाय के जिम्मेदार लोगों …
मुरादाबाद,अमृत विचार। हनुमान जन्मोत्सव की भगवा यात्रा के दौरान नारेबाजी और डीजे को लेकर अलग-अलग संप्रदाय के गुटों में विवाद हो गया। सदर कोतवाली के सामने डीजे के गाने को लेकर एक पक्ष ने गली से बाहर निकलकर विरोध किया। इसके बाद दोनों ओर से तनातनी के माहौल हो गया। दोनों संप्रदाय के जिम्मेदार लोगों ने हालात को नियंत्रित किया। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में शोभायात्रा पूरी हुई। जबकि अफवाहों के चलते मुख्य बाजारों की दुकानें बंद हो गईं।
इंटरनेट मीडिया में शोभायात्रा में पत्थरबाजी की अफवाह उड़ गई। सूचना मिलते ही एसएसपी हेमंत कुटियाल और जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह मौके पर पहुंचे गए। दोनों पक्षों से बातचीत की। जबकि एसएसपी ने पुलिस बल के साथ पैदल गश्त भी की। देर शाम इस मामले में सपा के महानगर अध्यक्ष शाने अली शानू ने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के खिलाफ कोतवाली थाने में तहरीर दी। इसमें उन्होंने माहौल खराब करने का आरोप लगाया है। पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
रविवार को बजरंग दल की ओर से हनुमान जन्मउत्सव के अवसर पर भगवा यात्रा कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। शाम करीब साढ़े चार बजे भगवा यात्रा कोतवाली थाना क्षेत्र के बुध बाजार स्थित एसएसके इंटर कालेज से शुरू हुई। यात्रा बुध बाजार, जीएमडी रोड, ताड़ीखाना कोर्ट रोड होते हुए शाम साढ़े छह बजे के करीब गुरहट्टी से यात्रा बाजार गंज होते हुए पान दरीबा की ओर बढ़ रही थी। इस दौरान कोतवाली के ठीक सामने गली में दूसरे संप्रदाय के लोग खड़े थे। दूसरे संप्रदाय के लोग ने डीजे पर तेज आवाज में गाने बजाने को लेकर आपत्ति जताई। बताया गया कि दोनों ओर से धार्मिक नारेबाजी भी की गई।
आरोप है कि इसके बाद यात्रा में शामिल लोग उसी गली में घुसने लगे जिसमें दूसरे संप्रदाय के लोग खड़े थे। इस पर दूसरे संप्रदाय के लोग भी लाठी-डंडे लेकर सामने आ गए। हंगामा होने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कर दिया। इसके बाद भगवा यात्रा को वहां से निकलवा दिया गया। यात्रा के वहां से गुजरने के बाद दूसरे पक्ष के लोग बजरंग दल कार्यकर्ताओं पर उकसाने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में एकत्रित हो गए।
बजरंग दल के महानगर प्रचार प्रमुख गौरव कश्यप ने बताया कि दूसरे संप्रदाय के लोग शोभायात्रा को बाधित करने के लिए एकत्र हुए थे। हमारे कार्यकर्ताओं ने समझदारी दिखाई और उनसे उलझे बिना ही वहां से निकल गए।लेकिन, उनके द्वारा अभद्रता करके माहौल खराब करने का प्रयास किया गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की सतर्कता के चलते विवाद होने से बच गया।
इधर, शहर में विवाद की अफवाह होने पर बाजार बंद हो गया। शोभा यात्रा के मार्ग वाले टाउन हाल, चौमुखा पुल, अमरोहा गेट आदि स्थानों पर दुकानों के शटर गिर गए। हंगामे की जानकारी मिलते ही एसएसपी हेमंत कुटियार, एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया, सीओ कटघर आशुतोष तिवारी, सीओ कोतवाली आलोक अग्रहरी, एडीएम सिटी आलोक वर्मा भी मौके पर पहुंच गए। एसएसपी ने क्षेत्र में पैदल गश्त करके माहौल का जायजा लिया।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : कुएं में लटका मिला अज्ञात अधेड़ का शव, शिनाख्त में जुटी पुलिस
