पीलीभीत: दावत का लुत्फ उठाकर होटल के बाहर आए और पहुंच गए हवालात
अमृत विचार, पीलीभीत। दो माह पहले हुए गोलीकांड में फरार चल रहे हमलावर को कोतवाली पुलिस ने फिल्मी अंदाज में धर दबोचा। एक दावत में शामिल होने की सूचना पर पुलिस ने पहले सिविल ड्रेस में सिपाही भेजकर सूचना की पड़ताल कराई। उसके बाद जैसे ही दावत का लुत्फ उठाकर हमलावर होटल के बाहर पहुंचा, …
अमृत विचार, पीलीभीत। दो माह पहले हुए गोलीकांड में फरार चल रहे हमलावर को कोतवाली पुलिस ने फिल्मी अंदाज में धर दबोचा। एक दावत में शामिल होने की सूचना पर पुलिस ने पहले सिविल ड्रेस में सिपाही भेजकर सूचना की पड़ताल कराई। उसके बाद जैसे ही दावत का लुत्फ उठाकर हमलावर होटल के बाहर पहुंचा, धरपकड़ कर ली गई। कोतवाली लाकर पूछताछ की गई। दूसरे दिन चालान कर कोर्ट में पेश करके हमलावर को जेल भेज दिया है। बता दें कि इस कांड में यह पांचवीं गिरफ्तारी थी।
वारदात शहर के छतरी चौराहा के पास स्थित मीनार बार में फरवरी माह में हुई थी। मोहल्ला अशरफ खां निवासी ठेकेदार मोहम्मद कासिफ अपने दोस्त के साथ बार में थे। इस बीच पूर्व चेयरमैन के भतीजे मोहल्ला डोरीलाल निवासी विवेक अग्रवाल ने अपने साथियों संग हमला कर दिया था। सीने पर तमंचे से ठेकेदार को गोली मार दी थी। घायल ठेकेदार का बरेली के एक अस्पताल में कई दिन तक इलाज चला था।
इस मामले में पुलिस मुख्य आरोपी समेत चार की गिरफ्तारी कर जेल भेज चुकी थी। विवेचना के दौरान मोहल्ला मोहतसिम खां निवासी सौरभ मिश्रा और मोहल्ला आसफजान निवासी अभिषेक द्विवेदी का नाम प्रकाश में आया था। जेल भेजे गए चार आरोपियों के खिलाफ कोतवाली पुलिस विवेचना पूरी कर चार्जशीट दाखिल कर चुकी है।
अन्य दो की विवेचना प्रचलित थी। एक दिन पूर्व मुख्य आरोपी विवेक अग्रवाल की मां वीना अग्रवाल की ओर से कोर्ट के आदेश पर सुनगढ़ी पुलिस ने ठेकेदार समेत चार के खिलाफ जानलेवा हमला करने की रिपोर्ट दर्ज की थी। सोमवार रात कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि फरार आरोपी सौरभ मिश्रा नौगवां चौराहा के पास एक होटल में आयोजित पार्टी में है। इसे गंभीरता से लेते हुए कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई कर दी।
कोतवाल हरीश वर्धन सिंह, एसएसआई सदाकत अली ने पुलिस बल के साथ बताए गए स्थान पर दबिश दी। बताते हैं कि कुछ पुलिसकर्मी सिविल ड्रेस में पहले होटल में आरोपी की मौजूदगी की पुष्टि कर आए। उसके बाद होटल के बाहर घेराबंदी कर डाली। आरोपी के होटल के बाहर निकलते ही पुलिस ने उसे धर दबोचा। मंगलवार को चालान कर कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया गया।
इसे भी पढ़ें- पीलीभीत: बाजार भाव ने तोड़ा रिकार्ड, एमएसपी से 160 रुपए अधिक हुई खरीद
