बाजपुर: तमंचे के बल पर पेट्रोल पंप कर्मी को लूटा
बाजपुर, अमृत विचार। तमंचे के बल पर पेट्रोल पंप कर्मचारी को बंधक बनाकर दो बदमाश हजारों रुपये का कैश लूट ले गए। घटना की जानकारी से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी हासिल की। पुलिस पंप पर तैनात कर्मचारी से भी पूछताछ कर …
बाजपुर, अमृत विचार। तमंचे के बल पर पेट्रोल पंप कर्मचारी को बंधक बनाकर दो बदमाश हजारों रुपये का कैश लूट ले गए। घटना की जानकारी से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी हासिल की। पुलिस पंप पर तैनात कर्मचारी से भी पूछताछ कर रही है और सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला जा रहा है।
बाजपुर-रामपुर, मुरादाबाद मुख्यमार्ग पर ग्राम पंचायत महेशपुरा के अंतर्गत दोराहा के नजदीक स्थित प्रदेश के बॉर्डर पर क्षेत्र के प्रतिष्ठित कारोबारी गुरुसेवक सिंह ने पेट्रोल पंप खोल रखा है, जोकि एक पखवाड़ा पहले ही किसी को व्यवस्था संचालित करने के लिए दे दिया था। घटना सोमवार-मंगलवार की मध्य रात्रि करीब डेढ़ बजे की बताई जा रही है।
नाइट ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी ग्राम लखनपुर निवासी धर्मवीर के अनुसार पंप के पीछे खेतों से आए दो युवकों ने उसे तमंचे के बल पर अपने कब्जे में ले लिया और रस्सी से बांधकर गल्ले की चाबी ले ली तथा 70 हजार रुपये निकाल लिए। इसी बीच पैट्रोल डलवाने पहुंचे बाइक सवार तीन युवकों को देखकर आरोपित खेतों से होते हुए फरार हो गए। इन्हीं युवकों ने धर्मवीर को बंधन से मुक्त कराया। साथ ही पुलिस को सूचना दी गई।
जानकारी से पुलिस प्रशासन में भी हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे एएसपी काशीपुर चंद्रमोहन सिंह, सीओ वंदना वर्मा व कोतवाल प्रवीण सिंह कोश्यारी आदि ने गहनता से घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस धर्मवीर से भी मामले में पूछताछ कर रही है। अभी तक किसी की तरफ से घटना की तहरीर नहीं दी गई है। एएसपी ने चंद्र मोहन सिंह ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों को चेक किया जा रहा है। एसओजी टीम को भी लगाया गया है, जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
