रामपुर : 30,000 की रिश्वत लेता खाद्य सुरक्षा विभाग का अभिहित अधिकारी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामपुर, अमृत विचार। बरेली के विजीलेंस अधिकारियों की टीम ने खाद्य सुरक्षा ए‍वं औषधि प्रशासन विभाग के अभिहित अधिकारी (डीओ) को तीस हजार रुपये की रिश्वत के साथ रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम अभिहित अधिकारी को पकड़कर जोन मुख्यालय बरेली ले गई है, वहीं पर सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की गई हैं। अभिहित अधिकारी के …

रामपुर, अमृत विचार। बरेली के विजीलेंस अधिकारियों की टीम ने खाद्य सुरक्षा ए‍वं औषधि प्रशासन विभाग के अभिहित अधिकारी (डीओ) को तीस हजार रुपये की रिश्वत के साथ रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम अभिहित अधिकारी को पकड़कर जोन मुख्यालय बरेली ले गई है, वहीं पर सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की गई हैं। अभिहित अधिकारी के खिलाफ मीट कारोबारी ने लाइसेंस बहाल करने के नाम पर एक लाख रुपये मांगे जाने और तीस हजार रुपये लेकर समझौता करने की शिकायत की थी, इसके बाद गिरफ्तारी के लिए पूरी विधिक तैयारी की गई थी।

बता दें कि अजीमनगर थाना क्षेत्र के गांव बढ़पुरा सुमाली के रहने वाले मीट कारोबारी भगवत राजपूत ने बताया कि मुरसैना और खौद के बीच बहादरगंज में उसका मीट की सप्लाई का गोदाम है। इंडिया ट्रेडिंग कंपनी के नाम से वह मीट की सप्लाई का काम पूरे जिले में करता है। 20 जनवरी को अभिहित अधिकारी कुलदीप सिंह ने गोदाम पर छापा मारकर सर्वेक्षण किया था। इस दौरान तमाम कमियां निकालकर नोटिस दे दिया। बीमार होने के कारण वह नोटिस का जवाब नहीं दे सका।

इसके बाद अभिहित अधिकारी ने लाइसेंस निलंबित कर दिया था। आरोप है कि अभिहित अधिकारी बार बार एक लाख रुपये मांगकर लाइसेंस बहाल करने को कह रहे थे। जब एक लाख रुपये नहीं दिए तो कम करते करते तीस हजार रुपये पर आ गए। इस बीच खाद्य विभाग के अधिकारी ने उसको खूब परेशान किया था। लिहाजा भगवत परेशान होकर रह गया।

भगवत का कहना है कि उसने तीस हजार रुपये देने की हामी भर दी और इसकी शिकायत विजीलेंस बरेली के कार्यालय में कर दी। बुधवार को अभिहित अधिकारी ने सुबह 10.30 बजे कचहरी गेट के सामने वर्षा आई हास्पिटल के पास बुलाया। वह रुपये लेने पहुंच गए। तीस हजार रुपये रिश्वत लेकर रुपये गिनने लगे।

इसी बीच सीओ शैलजा के नेतृत्व में पहुंची विजीलेंस टीम ने रंगेहाथ धर दबोचा। विजीलेंस टीम अभिहित अधिकारी को पकड़कर बरेली ले गई। भ्रष्टचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज करके अभिहित अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अधिकारी को कल भ्रष्टाचार निवारण के कोर्ट में पेश किया जाएगा।

संबंधित समाचार