मुरादाबाद : पानी की बौछार पड़ते ही उखड़ गए दंगाइयों के पैर
मुरादाबाद, अमृत विचार। सोमवार को पीतल नगरी बस स्टैंड और प्रकाश नगर चौराहे पर दंगा होने से शहर में हड़कंप मच गया। जानकारी मिलते ही थाना पुलिस के अलावा उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। दंगाइयों को समझाने का प्रयास किया गया। इससे बात नहीं बनीं तो दमकल को मौके पर बुला लिया गया। दमकल …
मुरादाबाद, अमृत विचार। सोमवार को पीतल नगरी बस स्टैंड और प्रकाश नगर चौराहे पर दंगा होने से शहर में हड़कंप मच गया। जानकारी मिलते ही थाना पुलिस के अलावा उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। दंगाइयों को समझाने का प्रयास किया गया। इससे बात नहीं बनीं तो दमकल को मौके पर बुला लिया गया। दमकल ने दंगाइयों पर पानी की बौछार की तो उनके पैर उखड़ गए।

इसके बाद भी दंगाइयों ने दोबारा पुलिस पर हावी होने का प्रयास किया तो लाठीचार्ज कर दिया गया। इसके बाद भी बात नहीं बनी तो चिली बम, ड्राई बम, कलर बम का इस्तेमाल किया गया। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले भी चलाने पड़े।
दिल्ली के जहांगीरपुरी जैसी घटना की पुनर्रावृत्ति नहीं होने देने के लिए प्रदेश सरकार और पुलिस ने पूरी तरह कमर कस ली है। जनता में सुरक्षा की भावना जागृत करने के उद्देश्य से पुलिस दंगा नियंत्रण रिहर्सल कर रही है। अभी तक पुलिस के मॉक ड्रिल पुलिस लाइन में होते थे मगर इस बार इन्हें जनता के बीच किया जा रहा है।

एसएसपी हेमंत कुटियाल के निर्देश पर एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया के नेतृत्व में कटघर के पीतलनगरी बस स्टैंड और मझोला के प्रकाश नगर चौराहे पर दंगा नियंत्रण का पूर्वाभ्यास किया गया। मॉक ड्रिल को वास्तविक दिखाने के लिए दंगाईयों के रूप में रंगरूटों का प्रयोग किया गया। नारेबाजी करते हुए दंगाई पुलिस की ओर बढ़े। उन्होंने पथराव शुरूकर दिया। बॉडी प्रोटेक्टर, हेलमेट और दंगा शील्ड के साथ पहुंची पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया।
इससे भी दंगाई शांत नहीं हुए तो फायर ब्रिगेड ने उन पर पानी की बौछार कर दी। इससे दंगाइयों के पैर उखड़ गए और उनमें भगदड़ मच गई। इसके बाद दंगाइयों ने दोबारा हमला करने का प्रयास किया तो पुलिस ने लाठियां भांजकर उन्हें खदेड़ दिया। एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया, सीओ कटघर आशुतोष तिवारी, इंस्पेक्टर कटघर आरपी शर्मा और इंस्पेक्टर गलशहीद तथा दोनों थानों की फोर्स को पीतलनगर बस स्टैंड पर दंगा नियंत्रण की विस्तार से जानकारी दी गई। दमकल कर्मी भी मौजूद रहे। यहां पुलिस कर्मियों को दंगा नियंत्रण का पूर्वाभ्यास कराया गया।

एसपी सिटी और सीओ कटघर ने भीड़ को तितर-बितर करने, फायर ब्रिगेड की गाड़ी से पानी की बौछार, लाठी चार्ज, आंसू गैस के गोले, एंटी राइट गन, टीयर गैस गन, हैंड ग्रेनेड आदि शस्त्रों के सम्बन्ध में जानकारी दी। इंस्पेक्टर कटघर व गलशहीद ने दंगा नियंत्रण के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में अवगत कराया। ड्रिल के दौरान दंगाइयों के रूप मे पुलिस कर्मियों तथा दंगा नियन्त्रण उपकरण पहने पुलिस कर्मियों ने बलवा ड्रिल के दौरान होने वाली कार्रवाई का अभ्यास किया।
इसके बाद प्रकाश नगर चौराहे के पास एसपी सिटी और एएसपी सागर जैन के नेतृत्व में मझोला पुलिस एवं दमकल कर्मियों को दंगा नियंत्रण के बारे में भीड़ को तितर-बितर करने, फायर ब्रिगेड की गाड़ी से पानी की बौछार, लाठी चार्ज, आंसू गैस के गोले, एंटी राइट गन, टीयर गैस गन, हैंड ग्रेनेड आदि शस्त्रों के सम्बन्ध में रिहर्सल कराया गया। इसके अलावा पाकबड़ा थाने में भी सीओ हाइवे गणेश गुप्ता के नेतृत्व में दंगा नियंत्रण का अभ्यास कराया गया। इस दौरान इंस्पेक्टर रंजन शर्मा, एसएसआई उमाशंकर सिंह, कस्बा इंचार्ज मेघराज सिंह, एसआई मुकेश राजौरा, मदन कुमार, कृष्ण कुमार, करमवीर सिंह ने पुलिस कर्मियों को दंगा नियंत्रण उपकरणों के प्रयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
