खटीमा: भूसे से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली ने बाइक सवार को रौंदा, चालक फरार
खटीमा,अमृत विचार। गांव जोगीठेर नगला के पास भूसे से भरी ट्रैक्टर ट्राली ने बाइक सवार युवक को रौंद दिया। घायल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। आरोपी ट्रैक्टर चालक ट्राली लेकर फरार हो गया। परिजनों ने बताया कि करीब तीन माह पहले ही मृतक की शादी हुई थी। …
खटीमा,अमृत विचार। गांव जोगीठेर नगला के पास भूसे से भरी ट्रैक्टर ट्राली ने बाइक सवार युवक को रौंद दिया। घायल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। आरोपी ट्रैक्टर चालक ट्राली लेकर फरार हो गया। परिजनों ने बताया कि करीब तीन माह पहले ही मृतक की शादी हुई थी। पुलिस सीसीटीवी के आधार पर आरोपी ट्रैक्टर चालक व वाहन की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम सभा जादोपुर के मोहनपुर निवासी 22 वर्षीय अभिषेक सिंह राणा पुत्र ज्वाला सिंह सोमवार की देर शाम को नानकसागर डाम के पास से मिठाई लेने बाइक से गया था। इस बीच देर शाम को जोगीठेर नगला के पास ट्रैक्टर ट्राली ने बाइक को रौंद दिया। सूचना पर 108 सेवा ने उसे सरकारी अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इधर, मंगलवार को अस्पताल परिसर में मृतक के भाई जितेंद्र ने बताया अभिषेक दो भाईयों व तीन बहन में छोटा था। कक्षा 8 तक पढ़ा अभिषेक मजदूरी करता था। उसकी 3 फरवरी को ही बिचई निवासी ज्योति से शादी हुई थी। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। शोकाकुल परिजनों का अस्पताल परिसर में भी जमावड़ा लगा रहा।
मृतक अभिषेक के पिता ज्वाला सिंह राणा ने बताया कि घर में बेटी का परिवार आने पर अभिषेक को मिठाई लाने भेजा था। बाइक में उसके साथ गांव का ही विशाल भी था, लेकिन उसे हल्की चोट आई है। एएसआई बुद्धिबल्लभ पांडेय ने पंचनामा भरकर शव का पोस्टमार्टम कराया। इस मामले में पुलिस की जांच जारी थी।
