अयोध्या में दंगा भड़काने की साजिश रचने वाले सात गिरफ्तार, चार फरार
अयोध्या। रैपिड एक्शन दिखाते हुए पुलिस ने जिले में दंगा भड़काने की साजिश रचने वाले सात लोगों को 24 घंटे के अंदर ही गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में से एक महेश मिश्रा हिन्दू योद्धा संगठन का जिला प्रमुख भी शामिल है। पुलिस ने इनसे टोपी, मोबाइल और वाहन भी बरामद किए हैं। पुलिस …
अयोध्या। रैपिड एक्शन दिखाते हुए पुलिस ने जिले में दंगा भड़काने की साजिश रचने वाले सात लोगों को 24 घंटे के अंदर ही गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में से एक महेश मिश्रा हिन्दू योद्धा संगठन का जिला प्रमुख भी शामिल है। पुलिस ने इनसे टोपी, मोबाइल और वाहन भी बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने दिल्ली जहांगीरपुरी की घटना को लेकर सुनियोजित तरीके से साजिश रची थी जो धर्मगुरुओं व पुलिस की तत्परता से कामयाब नहीं हो सकी। इस पूरे मामले में लिप्त चार अन्य आरोपी अभी फरार बताए गए हैं।
गुरुवार को इसका खुलासा आईजी जोन कवींद्र प्रताप सिंह और एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने प्रेसवार्ता में किया। पुलिस ने बताया कि मंगलवार रात हुई घटना के संज्ञान में आने के बाद ही कई टीमों का गठन कर साजिशकर्ताओं को धर दबोचा गया। सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एक दर्जन से अधिक धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आईजी जोन व एसएसपी के निर्देश पर गठित टीमों ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर अलग-अलग स्थानों से आरोपियों को दबोचा।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों में खुद को हिन्दू योद्धा संगठन का प्रमुख बताने वाला महेश कुमार मिश्रा खोजनपुर, प्रत्यूष श्रीवास्तव एल 757 आवास विकास कॉलोनी अमानीगंज, नितिन कुमार सिंधी 858 रीडगंज हमदानी कोठी, दीपक कुमार गौड़ 8/10/54 नाका मुरावन टोला, बृजेश पाण्डेय हौंसिला नगर, शत्रुघ्न प्रजापति 1/8/31 सहादतगंज कुम्हार मण्डी, विमल पांडे ऑफिसर्स हॉस्टल सिविल लाइन को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को आरटीओ आफिस के निकट से गिरफ्तार किया गया है। एसएसपी शैलेश पांडे ने बताया कि आरोपियों एनएसए के तहत कार्रवाई होगी।

हिन्दू योद्धा संगठन का प्रमुख है मुख्य साजिशकर्ता
पुलिस ने बताया कि हिंदू योद्धा संगठन का जिला प्रमुख महेश कुमार मिश्रा ही मुख्य साजिशकर्ता रहा है। उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर हाल ही में दिल्ली में घटित घटना के विरोध में यह साजिश बृजेश पाण्डेय के मकान में रची।
इस तरह से रची गई थी साजिश
पुलिस के अनुसार मुख्य साजिशकर्ता महेश मिश्रा द्वारा फ्लैक्स/ पम्पलेट आशीर्वाद फ्लैक्स लालबाग से खरीदा गया। प्रत्यूष श्रीवास्तव के द्वारा चौक से गुदड़ी रोड दर्रे के पास मोरफीक बुक स्टोर से 2 पवित्र कुरान और पम्मी कैप हाउस राजा गली चौक से सफेद टोपियां खरीदी गईं। आरोपी आकाश ने आपत्तिजनक मांस लालबाग से उपलब्ध कराया। सभी आरोपी मंगलवार रात दस बजे बजे नाका ढाबा पर एकत्र हुए और वहां से खाना खा बृजेश पाण्डेय के घर पहुंचे। पुलिस के अनुसार महेश मिश्रा व श्रीवास्तव द्वारा फ्लैक्स पर आपत्तिजनक लेख लिखा गया।
इसके बाद सभी लोग देवकाली बाईपास होकर देवकाली मन्दिर होते हुए बेनीगंज तिराहा पहुंचे। जहां पर पीआरवी की गाड़ी देखकर बेनीगंज मस्जिद पर घटना नहीं कर सके। खुर्दाबाद होकर परिक्रमा मार्ग होते हुए कश्मीरी मोहल्ला मस्जिद में जाकर पवित्र पुस्तक और मांस व आपत्तिजनक पम्पलेट डाला। इसके बाद एएसवी स्कूल के पास से होकर साकेत प्रिन्टिंग प्रेस होते हुए राजकरन स्कूल के सामने से टाटशाह मस्जिद पर जाकर आपत्तिजनक वस्तुएं डाली।
इसके बाद टकसाल होते हुए खिड़की अली बेग के सामने से जीआईसी होकर जेल के पीछे गुलाब शाह दरगाह पर भी घटना अंजाम दी फिर जेल के पीछे से होकर पोस्टमार्टम हाउस के सामने से एसबीआई मेन ब्रांच के सामने से निकलकर तहसील चौराहा होकर ईदगाह सिविल लाइन पर पम्पलेट डाला गया। फिर तहसील चौराहे से होकर पोस्टमार्टम हाउस के सामने से निकलकर रेलवे क्रासिंग पार करने के बाद घोसियाना रामनगर मस्जिद पर भी हरकत अंजाम दी। इसके बाद फिर आरटीओ आफिस स्थित बृजेश पांडेय के मकान पर पहुंचे। वहां से सब अपने अपने घर चले गए। इस साजिश में कुल में कुल 11 लोग शामिल थे, जिसमें से चार अभी फरार हैं।
यह भी पढ़ें:-रामनगरी अयोध्या में सांप्रदायिक दंगा भड़काने की साजिश नाकाम
