रामपुर : अलविदा जुमा पर मुल्क की तरक्की के लिए उठे लाखों हाथ
रामपुर, अमृत विचार। अलविदा जुमा को मुल्क की तरक्की और अमन के लिए लाखों हाथ बारगाहे खुदावंदी में उठे। तमाम मस्जिदों में जुमातुल विदा की नमाज अदा की गई। शहर की जामा मस्जिद में काजी ए शहर सैयद खुशनूद मियां ने खुतबे में कहा कि हमेशा बाकी रहने वाली जात अल्लाह की है। कहा कि …
रामपुर, अमृत विचार। अलविदा जुमा को मुल्क की तरक्की और अमन के लिए लाखों हाथ बारगाहे खुदावंदी में उठे। तमाम मस्जिदों में जुमातुल विदा की नमाज अदा की गई। शहर की जामा मस्जिद में काजी ए शहर सैयद खुशनूद मियां ने खुतबे में कहा कि हमेशा बाकी रहने वाली जात अल्लाह की है।
कहा कि रमजान रुख्सत हो रहा है जबकि, कुछ दिन पहले कहा जा रहा था कि रमजान आने वाला है। अल्लाह के ऊपर भरोसा रखो,रमजान ने साल के ग्यारह महीनों के लिए यह पैगाम दिया कि अल्लाह की इबादत करो। आपस में भाई-भाई बनकर रहो और अपनी नीयतों को दुरुस्त रखो। जामा मस्जिद पर भारी मात्रा में पुलिस फोर्स तैनात रहा।
शहर की जामा मस्जिद में डेढ़ बजे अलविदा जुमा की नमाज काजी ए शहर सैयद खुशनूद मियां ने अदा कराई। इससे पहले काजी ए शहर ने खुतबे में कहा कि अभी कुछ दिन पहले कहा जा रहा था कि रमजान आने वाला है लेकिन, अब यह पाक महीना रुख्सत होने वाला है।
कहा कि रोजा रखकर, कुरआन पढ़कर, कुरआन छूकर, झूठ, चोरी, मकरो फरेब, धोखाधड़ी समेत तमाम गुनाहो से खुद को बचाकर अल्लाह की इबादत की है। अल्लाह अपने नेक बंदों का इसका अज्र देगा वह माफ करने वाला है अपने बंदों के गुनाहों को माफ करेगा। जामा मस्जिद में आसपास के गांवों से लोग सुबह से आने शुरू हो गए थे। दोपहर 1:30 बजे तक जामा मस्जिद नमाजियों से भर गई।
अजान के बाद काजी ए शहर ने खुतबा दिया और फिर नमाज अदा कराई। जामा मस्जिद इंतजामिया कमेटी के सेक्रेट्री मुकर्रम रजा इनायती, मौलवी फैजान खां, शुऐब मोहम्मद खां, मोहम्मद फैज, सैयद शुऐब मियां, बब्बू अंसारी, खालिद सैफी, शकील उस्मानी, फहीम कुरैशी समेत हजारों लोग मौजूद रहे।
जामा मस्जिद के अलावा शहर की मोती मस्जिद, कोयले वाली मस्जिद, पटरों वाली मस्जिद, लाल मस्जिद, राजद्वारा मस्जिद, एक मीनार वाली मस्जिद, कचहरी वाली मस्जिद, मीना बाजार, रेलवे स्टेशन, ज्वालानगर, अजीतपुर आदि मस्जिदें अलविदा जुमे को नमाजियों से खचाखच भर गईं। जामा मस्जिद पर भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात रहा इसके अलावा सीओ सिटी ने फोर्स के साथ हामिद गेट, पुरानी तहसील पर गश्त भी किया।
शिया जामा मस्जिद में भी हुई जुमे की नमाज
शहर के मोहल्ला गुइया तालाब स्थित मकबरा जनाबे आलिया में शिया जामा मस्जिद में जुमातुल विदा की नमाज अदा की गई। मौलाना अली मोहम्मद नकवी ने नमाज से पहले हुए खुतबे में गरीबों मिस्कीनों की ज्यादा से ज्यादा मदद करने को कहा। कहा कि ईद की नमाज से पहले फितरा गरीब मुस्तहिक तक जरूर पहुंचा दें ताकि, वह भी अपने बच्चों के साथ ईद की खुशियों में शरीक हो सके। कहा कि अपने माल की जकात अदा करें अल्लाह माल में बरकत पैदा करेगा। कहा कि जकात 12 महीनों में किसी एक महीने को चुनकर अदा की जा सकती है लेकिन, माहे रमजान में अपने माल की जकात निकालना बहुत बेहतर है।
सड़कों पर अदा नहीं हुई अलविदा जुमा की नमाज
पहली ऐसा मौका है जब अलविदा जुमा की नमाज सड़कों पर अदा नहीं की गई है। वर्ना तो जामा मस्जिद के भर जाने के बाद सराफा बाजार, शादाब मार्केट, गुइया तालाब, पान दरीबा, सफदर गंज, बाजार नसरुल्लाह खां की सड़कों पर नमाज होती थी। इससे पहले सड़कों पर चूने से सफबंदी कर दी जाती थी ताकि, नमाजियों को कतार में खड़े होने में कोई दिक्कत नहीं हो और सीधी सफें बन सकें।
ये भी पढ़ें:- अमरोहा : कड़ी सुरक्षा के बीच अदा हुई अलविदा जुमा की नमाज, जामा मस्जिद पर रहा पुलिस का पहरा
