उत्तराखंड: पिथौरागढ़ और बागेश्वर में बारिश और आकाशीय बिजली चमकने का यलो अलर्ट जारी
हल्द्वानी,अमृत विचार। पिथौरागढ़ जिले के कई क्षेत्रों में बारिश हुई है। इससे वहां तापमान में गिरावट आई है और वनाग्नि की घटनाओं में भी रोक लगी है। हालांकि नैनीताल जिले में सूखा बरकरार है। खासतौर से मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी बरकरार है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार उत्तराखंड के ऊपरी जिलों में पश्चिमी …
हल्द्वानी,अमृत विचार। पिथौरागढ़ जिले के कई क्षेत्रों में बारिश हुई है। इससे वहां तापमान में गिरावट आई है और वनाग्नि की घटनाओं में भी रोक लगी है। हालांकि नैनीताल जिले में सूखा बरकरार है। खासतौर से मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी बरकरार है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार उत्तराखंड के ऊपरी जिलों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इन क्षेत्रों में बारिश भी हो रही है। गुरुवार को कुमाऊं मंडल के पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट, धारचूला, मुनस्यारी क्षेत्रों में जमकर बारिश हुई है। इन क्षेत्रों में एक ही दिन में चार मिमी तक बारिश दर्ज की गई है। यहां बारिश की वजह से लोगों को काफी राहत मिली है। हालांकि बाकी के जिलों में बारिश नहीं होने से दिक्कतें बरकरार हैं।
इधर, नैनीताल जिले में तापमान सामान्य से ज्यादा चल रहा है। मैदानी इलाकों में गर्मी रिकार्ड तोड़ रही है। हल्द्वानी में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री दर्ज किया गया।
वहीं, मुक्तेश्वर मे पारा सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा उछल गया। यहां का अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री रहा। यहां गर्मी का चार साल पुराना रिकार्ड टूट गया है। साल 2019 में 21 अप्रैल को मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 28.9 डिग्री दर्ज किया गया था। हालांकि मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में गर्मी से राहत मिलने के आसार जताए हैं। दो मई से पूरे राज्य में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। और मैदानी इलाकों में भी बारिश होने की संभावना है।
पिथौरागढ़ और बागेश्वर के लिए यलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली चमकने का यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में बारिश होने की संभावना बरकार है।
