मुरादाबाद : जुमा अलविदा पर कड़ी सुरक्षा के बीच अदा हुई नमाज, चप्पे-चप्पे पर तैनात रही फोर्स

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। शुक्रवार को पूरे जिले में जुमा अलविदा की नमाज कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण पढ़ी गई। मस्जिदों और उसके आसपास के क्षेत्रों में चप्पे-चप्पे पर पुलिस फोर्स तैनात रहे। शहर की जामा मस्जिद पर सबसे अधिक नमाजी जुटे। यहां सुबह से पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। डीएम-एसएसपी ने जामा मस्जिद की सुरक्षा व्यवस्था …

मुरादाबाद, अमृत विचार। शुक्रवार को पूरे जिले में जुमा अलविदा की नमाज कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण पढ़ी गई। मस्जिदों और उसके आसपास के क्षेत्रों में चप्पे-चप्पे पर पुलिस फोर्स तैनात रहे। शहर की जामा मस्जिद पर सबसे अधिक नमाजी जुटे। यहां सुबह से पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। डीएम-एसएसपी ने जामा मस्जिद की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। जामा मस्जिद व इसके आसपास के क्षेत्रों की निगरानी ड्रोन कैमरे से की गई। दमकल विभाग भी अलर्ट रहा। खुद सीएफओ मुकेश कुमार दमकल वाहन व अपनी टीम के साथ जामा मस्जिद चौराहे पर तैनात रहे।

जुमा अलविदा की नमाज को शांतिपूर्ण कराने के लिए पुलिस-प्रशासन कई दिन से तैयारियां कर रहा था। इसके लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई थी। शुक्रवार को सुबह से शहर की ऐतिहासिक जामा मस्जिद और उसके आसपास के क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया। जीआईसी चौराहा, इंद्रा चौक और जामा मस्जिद पुल पर बैरिकेडिंग करके वाहनों का आवागमन रोक दिया गया। सुबह 11 बजे से पुलिसकर्मियों को वाच टॉवर व जामा मस्जिद के आसपास के मकानों की छतों पर तैनात किया गया था।

खुद एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया, एसपी ट्रैफिक अशोक कुमार, एडीएम सिटी आलोक वर्मा, एएसपी सागर जैन, सिटी मस्जिट्रेट एमपी सिंह, सीओ कोतवाली महेश चंद्र गौतम, सीओ कटघर आशुतोष तिवारी समेत तमाम पुलिस अधिकारियाें ने सुबह 11 बजे से पहले ही जामा मस्जिद पर डेरा डाल लिया था। इंस्पेक्टर मुगलपुरा अमित कुमार ने टीम के साथ ड्रोन कैमरे से पूरे क्षेत्र की निगरानी की। पुलिसकर्मी, सिविल डिफेंस के कार्यकर्ता नमाजियों को सड़क की बजाय मस्जिद परिसर और सामने के पार्क में भेजते नजर आए।

सुरक्षा व्यवस्था को और चाक-चौबंद बनाए रखने के लिए दंगा नियंत्रण वाहन के साथ 200 पुलिसकर्मी बॉडी प्रोटेक्टर, हेलमेट, आंसू गैस के गोलों व डंडे आदि के साथ तैनात किए गए थे। नमाज पढ़ने पहुंचे अकीदतमंदों ने पुलिस-प्रशासन का पूरा सहयोग किया। कांठ रोड स्थित गुलाम मस्जिद पर सिविल लाइंस इंस्पेक्टर आरपी सिंह अपनी टीम के साथ मुस्तैद रहे। अगवानपुर चौकी क्षेत्र की जामा मस्जिद समेत 22 मस्जिदों पर भी पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।

भीषण गर्मी में चिलचिलाती धूप से व्याकुल दिखे नमाजी
भीषण गर्मी ने नमाजियों को व्याकुल किया, मगर उनका हौसला नहीं डिगा सकी। दोपहर 12 बजे से जामा मस्जिद के सामने स्थित पार्क में भारी संख्या में नमाजी पहुंच गए थे। पौने दो बजे तक चिलचिलाती धूप में नमाजी डटे रहे। कुछ नमाजियों ने छाता व चादर तानकर धूप से बचने का जतन किया। कुछ का कहना था कि यदि मस्जिद कमेटी द्वारा पार्क में टेंट लगवाया जाता तो धूप से कुछ बचाव होता।

गलियों में भी अदा की गई नमाज
जामा मस्जिद के पास स्थित कुछ गलियों में भी नमाज अदा की गई। गलियों के मुहाने पर जाल लगाकर सिविल डिफेंस के कर्मचारी रहे। कुछ लोगों ने कड़ी धूप से बचने के लिए गलियों में नमाज अदा की। कोई जानवर न घुसे इसके लिए सिविल डिफेंस के लोगों ने गली के मुहाने पर जाल लगाकर नमाज होने तक पहरेदारी की।

सीसीटीवी, ड्रोन व कंट्रोल रूम से रखी गई नजर
जामा मस्जिद पर हजारों लोगों ने नमाज अदा की। पुलिस ने 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों व ड्रोन कैमरों से क्षेत्र की निगरानी की। सीसीटीवी कैमरों की निगरानी के लिए एक कंट्रोल रूम बनाया गया, जिसमें बैठकर पुलिसकर्मी एक-एक गतिविधि पर नजर बनाए रहे।

पूरी तरह प्रतिबंधित रहे वाहन, बाजार भी कराए बंद
सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से इस बार पुलिस-प्रशासन ने जामा मस्जिद के नीचे और सामने की सभी दुकानों को बंद करा दिया था। इसकी वजह से अन्य वर्षों की अपेक्षा भीड़ कम रही। लोगों को आवागमन में भी दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ा। एसपी ट्रैफिक द्वारा रूट डायवर्जन प्लान भी जारी किया गया था। दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक जामा मस्जिद क्षेत्र में सभी वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहा। दो पहिया वाहनों को भी जीआईसी चौराहा व इंद्रा चौक पर रोक दिया गया था।

सख्ती के बावजूद कुछ लोगों ने पुल के नीचे की सड़क पर अदा की नमाज
शहर इमाम से तमाम मुस्लिम धर्म गुरुओं ने लोगों से अपील की थी कि कोई सड़क पर नमाज अदा न करे। जामा मस्जिद पर पुलिस भी काफी सख्ती बरत रही थी। इसके बाद भी कुछ लोग व्यवस्था को बिगाड़ने की कोशिश करते दिखे। मुख्य सड़क पर नमाज पढ़ने से रोकने पर कुछ लोग पार्क में जाने की बजाए सड़क किनारे ही एक ओर खड़े हो गए। पार्क का आधा हिस्सा खाली पड़ा था। इसके बावजूद नमाज शुरू होते ही कुछ लोग अचानक जामा मस्जिद पुल के बगल से वारसीनगर की ओर जाने वाली सड़क पर चटाई बिछाकर नमाज पढ़ने लगे। पुलिसकर्मियों व सिविल डिफेंस ने उन्हें किसी तरह एक ओर किया।

डीएम और एसएसपी ने किया सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण
अलविदा की नमाज को शांतिपूर्ण कराने के लिए डीएम शैलेंद्र सिंह और एसएसपी हेमंत कुटियाल ने भी दोपहर 12 बजे जामा मस्जिद पहुंच कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने इस दौरान पुलिस ड्यूटी चेक की और पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए।

ये भी पढ़ें:- बरेली: सेटेलाइट से बीसलपुर चौराहे तक पुलिस ने की बैरिकेडिंग

संबंधित समाचार