रुद्रपुर क्षेत्र की 22 कॉलोनियां अवैध घोषित,अब चलेगा प्राधिकरण का डंडा
रुद्रपुर,अमृत विचार। जिला विकास प्राधिकरण ने रुद्रपुर क्षेत्र की 22 कॉलोनियों को अवैध घोषित किया है। यह कॉलोनियां बगैर नक्शा पास किये काटी जा रही हैं। अब इन कॉलोनियों को सील करने की तैयारी की जा रही है। सिडकुल बनने के बाद से क्षेत्र से अवैध कॉलोनियों की बाढ़ सी आ गई। जिला विकास प्राधिकरण …
रुद्रपुर,अमृत विचार। जिला विकास प्राधिकरण ने रुद्रपुर क्षेत्र की 22 कॉलोनियों को अवैध घोषित किया है। यह कॉलोनियां बगैर नक्शा पास किये काटी जा रही हैं। अब इन कॉलोनियों को सील करने की तैयारी की जा रही है।
सिडकुल बनने के बाद से क्षेत्र से अवैध कॉलोनियों की बाढ़ सी आ गई। जिला विकास प्राधिकरण बनने के बाद से इन अवैध कॉलोनियों पर रोक लगने की उम्मीद थी लेकिन अभी तक यह उम्मीद नाकाफी ही साबित हुई हैं। शुक्रवार को प्राधिकरण की बैठक में आये मंडलायुक्त दीपक रावत ने भी प्राधिकरण के कामकाज पर नाखुशी जताई थी।
प्राधिकरण के कामकाज का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि रुद्रपुर क्षेत्र में जिला विकास प्राधिकरण ने 22 कॉलोनियों को अवैध की श्रेणी में डाला है लेकिन इनके ध्वस्तीकरण या सील करने की कार्यवाही अभी तक नहीं हुई है। इन कॉलोनियों में धड़ल्ले से प्लॉट बेचे जा रहे है। न तो इनका नक्शा पास कराया गया और न ही इनका भू उपयोग परिवर्तन कराया गया है। पिछले दिनों शिमला बहादुर में एक कॉलोनी का ध्वस्तीकरण किया गया था।
इसके बाद से प्राधिकरण के अधिकारी शांत बैठे हैं। इन 22 कॉलोनियों के खिलाफ कार्यवाही की फाइल अधिकारियों की मेजों पर धूल फांक रही है। विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष हरीश चंद्र कांडपाल का कहना है कि अवैध कॉलोनियों को किसी भी सूरत में विकसित नहीं होने दिया जायेगा। जिन कॉलोनियों को अवैध घोषित किया गया है। उनको सील करने की कार्यवाही जल्द अमल में लायी जायेगी।
