अयोध्या: दंगा भड़काने के मामले में फरार आरोपियों की तलाश में खोजनपुर-सोहावल सहित कई क्षेत्रों में पुलिस ने की छापेमारी
अयोध्या। सौहार्द बिगाड़ने की सुनियोजित साजिश में शामिल रहे चारों फरार शातिर अब अयोध्या पुलिस के राडार पर आ गए हैं। ताबड़तोड़ छापेमारी में जुटी पुलिस को फरार शातिरों के बारे में अहम क्लू मिले हैं। पुलिस की चार टीमों के साथ सर्विलांस और साइबर सेल इनकी तलाश में दिन रात जुटी हुई है। खुद …
अयोध्या। सौहार्द बिगाड़ने की सुनियोजित साजिश में शामिल रहे चारों फरार शातिर अब अयोध्या पुलिस के राडार पर आ गए हैं। ताबड़तोड़ छापेमारी में जुटी पुलिस को फरार शातिरों के बारे में अहम क्लू मिले हैं। पुलिस की चार टीमों के साथ सर्विलांस और साइबर सेल इनकी तलाश में दिन रात जुटी हुई है। खुद एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय इसकी मानिटरिंग कर रहे हैं। पुलिस ने दावा किया कि शीघ्र ही गिरफ्तारी कर ली जायेगी।
बता दें कि मंगलवार रात को दंगा भड़काने की साजिश के तहत हिन्दू योद्धा संगठन के प्रमुख महेश मिश्रा ने अपने 11 साथियों के साथ तीन मस्जिदों के पास आपत्तिजनक चीजें फेंकी थीं। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रमुख समेत सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया था। चार फरार बताए गए हैं थे। अब इन चारों फरार शातिरों की तलाश में पुलिस की चार टीमें लगातार जुटी हुई है।
बताया गया कि कुछ की लोकेशन ट्रेस होने पर सोहावल और नगर के खोजनपुर इलाकों में टीमों ने छापेमारी की। इतना ही नहीं फरार चल रहे शातिरों के परिवारों पर भी पुलिस दबाव बना रही है। उनके परिवार के सदस्यों की मोबाइल सीडीआर भी निकलवाई गई है। यह देखा जा रहा है घटना के बाद फरार शातिरों ने परिवार से सम्पर्क किया है या नहीं।
हित मित्रों को भी सूचीबद्ध कर पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के अनुसार पुलिस को जहां जहां उनकी लोकेशन के क्लू मिल रहे हैं वहां वहां छापेमारी कर रही है। सूत्रों पर भरोसा करे तो चारों फरार भी शहरी इलाके के हैं जो इस साजिश में पूरी तरह से शामिल थे। कोतवाल देवेंद्र सिंह ने शनिवार को बताया कि लगातार छापेमारी और दबिश जारी है। शीघ्र ही चारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गिरफ्तार शातिरों पर रासुका के तहत कार्रवाई शुरू
दंगा भड़काने की साजिश करने वाले गिरफ्तार सभी आरोपियों पर रासुका तामीला की भी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसके लिए कोतवाली पुलिस को सभी के आपराधिक रेकार्ड खंगाल पत्रावली तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। कोतवाल ने इसकी भी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पत्रावली तैयार कर एसएसपी को भेजी जायेगी। वहां से संस्तुति के लिए जिला अधिकारी के पास जायेगी। बता दें कि एसएसपी ने पहले ही घोषणा की थी दंगा भड़काने वाले शातिरों के विरूद्ध रासुका के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।
अब तक ये हो चुके हैं गिरफ्तार :
हिन्दू योद्धा संगठन का प्रमुख बताने वाला महेश कुमार मिश्रा, प्रत्युष श्रीवास्तव, नितिन कुमार, दीपक कुमार गौड़, बृजेश पाण्डेय, शत्रुघ्न प्रजापति, विमल पांडेय।
यह भी पढ़ें:-अयोध्या: सुरक्षा के सख्त पहरे में सकुशल सम्पन्न हुई अलविदा की नमाज, डीएम और एसएसपी करते रहे दौरा
