पीलीभीत: लापता किसान का नहर में उतराता मिला शव
पीलीभीत, अमृत विचार। लापता किसान का शव तीसरे दिन नहर में उतराता मिला। ग्रामीणों से सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। शव मिलने का शोर मचने के बाद मौके पर काफी संख्या में लोग जमा रहे। थाना क्षेत्र के गांव सिरसा सरदाह निवासी रामविलास (40) पुत्र …
पीलीभीत, अमृत विचार। लापता किसान का शव तीसरे दिन नहर में उतराता मिला। ग्रामीणों से सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। शव मिलने का शोर मचने के बाद मौके पर काफी संख्या में लोग जमा रहे।
थाना क्षेत्र के गांव सिरसा सरदाह निवासी रामविलास (40) पुत्र कालीचरन खेती करते थे।
गुरुवार शाम छह बजे साइकिल से खेत पर जाने को निकले थे। इसके बाद से लापता चल रहे थे। देर रात तक जब वह वापस नहीं आए तो परिजन चिंतित हो गए और तलाश शुरू कर दी। जिसके बाद पुलिस को तहरीर दी गई। गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस ने तलाश शुरू कर दी। नजदीक से ही कल्यानपुर नहर गुजरी हुई है। ऐसे में ग्रामीणों ने नहर में गिरने की आशंका जताई। जिसके चलते नहर का पानी भी बंद करवा दिया गया था।
रविवार सुबह लापता ग्रामीण का शव कल्यानपुर नौगवां गांव की पुलिया के पास नहर में मिला। शव देख काफी ग्रामीण जमा हो गए। परिवार वाले भी मौके पर पहुंच गए। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस गांव पहुंची और शव को नहर से निकलवाकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। पति की मौत का पता लगते ही पत्नी माया देवी का रोकर बुरा हाल रहा।
रिछौला चौकी प्रभारी आदित्य सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। मामले में पत्नी की ओर से पूर्व में गुमशुदगी दर्ज की गई थी। किसी तरह का कोई आरोप परिजन ने नहीं लगाया है। मृतक के चार बेटे और एक बेटी है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। वही खेती और मजदूरी कर भरण पोषण करते थे। अब उनकी मौत के बाद परिवार पर आर्थिक संकट के हालात बन गए हैं।
इसे भी पढ़ें- पीलीभीत: गर्मी में घरों के आसपास दाना-पानी का रखें इंतजाम- वरुण गांधी
