अयोध्या: मिनी शांतिकुंज का शिलान्यास आज, कुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या देंगे सौगात
अयोध्या। अखिल भारतीय विश्व गायत्री परिवार अयोध्या में मिनी शांतिकुंज की स्थापना करने जा रहा है। छह मई को रामकोट स्थित गायत्री शक्तिपीठ में 5 मंजिला भवन निर्माण का शिलान्यास देव संस्कृति विश्वविद्यालय शांतिकुंज हरिद्वार के प्रति कुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या करेंगे। गायत्री शक्तिपीठ के व्यवस्थापक रामकेवल यादव ने बताया कि पांच मंजिला भव्य भवन …
अयोध्या। अखिल भारतीय विश्व गायत्री परिवार अयोध्या में मिनी शांतिकुंज की स्थापना करने जा रहा है। छह मई को रामकोट स्थित गायत्री शक्तिपीठ में 5 मंजिला भवन निर्माण का शिलान्यास देव संस्कृति विश्वविद्यालय शांतिकुंज हरिद्वार के प्रति कुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या करेंगे।
गायत्री शक्तिपीठ के व्यवस्थापक रामकेवल यादव ने बताया कि पांच मंजिला भव्य भवन के शिलान्यास की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। मंदिर में एक माह से अनवरत गायत्री जप चल रहा है। शिलान्यास समारोह में प्रदेश के सभी 75 जिले से हजारों की संख्या में गायत्री साधक भी आएंगे। शाम चार बजे अयोध्या पहुंचकर गायत्री शक्तिपीठ में प्रति कुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या भूमिपूजन और शिलान्यास करेंगे। इसके बाद शाम छह बजे राम कथा पार्क में दीपयज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, श्री रामवल्लभाकुंज के अधिकारी रामकुमार दास और भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमरपाल मौर्य भी मौजूद रहेंगे।
स्थानीय समन्वयक डॉ एसबी सिंह के अनुसार गायत्री परिवार के संस्थापक पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य ने देश में 24 शक्तिपीठों की स्थापना की थी। मथुरा के बाद अयोध्या में दूसरी शक्तिपीठ की स्थापना श्रीराम शर्मा ने 7 जनवरी 1981 को की थी, जिसे देखते हुए अखिल भारतीय विश्व गायत्री परिवार अब इसे भव्य और विश्व स्तरीय शक्तिपीठ बनाने जा रहा है। पांच मंजिला बनने वाले भवन में कार पार्किंग, सत्संग हाल, भोजनालय, करीब एक हजार यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था को देखते हुए भवन का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा मंदिर में एक प्रदर्शनी हाल और भव्य द्वार का भी निर्माण किया जाएगा।
मथुरा के बाद अयोध्या का स्थान
शांतिकुंज हरिद्वार ने उत्तर प्रदेश को चार जोन में बांटा है, जिसमें अयोध्या मथुरा के बाद दूसरे स्थान पर है। अयोध्या जोन से कानपुर, लखनऊ, बाराबंकी, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, अयोध्या, अंबेडकरनगर, गोंडा, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, बस्ती, महाराजगंज, गोरखपुर समेत 24 जिले जुड़े हैं। अब शांतिकुंज हरिद्वार अयोध्या शक्तिपीठ को मिनी शांतिकुंज बनाने जा रहा है।
पढ़ें-आजमगढ़: कानून-व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए 24 पुलिस कर्मियों का स्थानांतरित
