अयोध्या: बारिश से लगा बिजली को करंट, कई इलाकों में प्रभावित हुई आपूर्ति
अयोध्या। बुधवार रात बारिश से मौसम तो चंद घंटों के लिए खुशनुमा हुआ, लेकिन बिजली को बारिश का करंट जरूर लग गया। बारिश के साथ तेज हवाओं के चलते शहरी क्षेत्र में कई इलाकों में बिजली गुल हो गई, जो गुरुवार दस बजे के बाद आई। वहीं पूरे दिन भी बिजली की आवाजाही का सिलसिला …
अयोध्या। बुधवार रात बारिश से मौसम तो चंद घंटों के लिए खुशनुमा हुआ, लेकिन बिजली को बारिश का करंट जरूर लग गया। बारिश के साथ तेज हवाओं के चलते शहरी क्षेत्र में कई इलाकों में बिजली गुल हो गई, जो गुरुवार दस बजे के बाद आई। वहीं पूरे दिन भी बिजली की आवाजाही का सिलसिला जारी रहा। वहीं ग्रामीण इलाकों में ठप हुई आपूर्ति देर शाम तक बहाल नहीं हो सकी थी।
मौसम ने करवट बदलनी शुरू कर दी थी
बुधवार शाम के बाद से ही मौसम ने करवट बदलनी शुरू कर दी थी। इसके बाद राजधानी में बरसात की खबर आई तो अयोध्या के लोग भी बारिश की प्रार्थना करने लगे। लोगों की प्रार्थना रंग लाई और देर रात अच्छी बारिश हुई। रात में बारिश से लोगों को बड़ी राहत मिली जो गुरुवार 11 बजे तक बरकरार रही। उसके बाद फिर सूर्य देवता के तेवर चढ़े और रात को खुशनुमा हुए मौसम की सारी खुशी तीखी धूप और बारिश के बाद पैदा हुई उमस से काफूर हो गई। रात बारिश के कारण अधिकतर इलाकों की बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई।
सुबह दस बजे तक रीडगंज, चौक, अमानीगंज, नहरबाग रोड, नियावां, हसनू कटरा आदि क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति ठप रही, जिसके चलते लोगों को सुबह के काम निपटाने में काफी परेशानी आई। वहीं गुरुवार को पूरे दिन नगरीय क्षेत्र के कई इलाकों में बिजली की आंख मिचौली चलती रही। हर दस पांच मिनट पर बिजली की आवाजाही से भी काफी परेशानी हुई। बारिश की वजह से कहीं कहीं सड़कों के किनारे जलभराव भी देखने को मिला।
हल्की बारिश से बीमारियां बढ़ सकती है
जिला अस्पताल के फिजिशियन प्रशांत कुमार का कहना है कि हल्की बारिश से बीमारियां बढ़ सकती है और संक्रामक रोगों में भी इजाफा हो सकता है। बारिश के बाद निखरी धूप से उमस में बढ़ोतरी होती है जो खतरनाक होती है। वहीं आचार्य नरेंद्रदेव कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान 34.0 और न्यूनतम तापमान 20.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
सापेक्षिक आद्रता अधिकतम 76 व न्यूनतम 51 प्रतिशत रेकार्ड की गई। हवा की गति 7.7 किलोमीटर प्रति घंटा रही जबकि दिशा दक्षिणी-पश्चिमी रही। मौसम विभाग के अनुसार जिले में कुल 19.2 मिलीमीटर बारिश रेकार्ड की गई। पूवार्नुमान है कि आगामी 24 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। पूर्वी /पश्चिमी हवा के सामान्य गति से चलने के आसार हैं।
टोल प्लाजा पर फास्टैग सुविधा हो गई बंद
आंधी व बारिश का असर सोहावल स्थित रौनाही टोल प्लाजा पर भी पड़ा। यहां 4 में से 2 लेन में फास्टैग सुविधा ने काम करना बंद कर दिया, जिसके कारण देखते ही देखते टोल प्लाजा पर लगातार गाड़ियों की कतार बढ़ती चली गयी और टोल प्लाजा से 1 किलोमीटर दूर तक भीषण जाम की स्थित पैदा हो गयी। आलम यह रहा कि एक किलोमीटर दूर तक पहुंचने में घंटों भर से ज्यादा का समय लग गया।
पढ़ें-बहराइच: जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के सभी पदों पर हुआ निर्विरोध निर्वाचन
