रामपुर : कोठी लक्खी बाग के चौकीदार की जलाकर हत्या, एक महीने में दूसरा केस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामपुर/शाहबाद, अमृत विचार। शुक्रवार को लक्खी बाग़ स्थित कोठी पर चौकीदार की जलाकर हत्या कर दी गई। चौकीदार की हत्या की खबर से क्षेत्र में सनसनी फ़ैल गई। गौरतलब है कि महीने भर पूर्व ही कोठी पर तैनात एक और चौकीदार की हत्या कर दी गई थी। बताया जा रहा है कि पिता की हत्या …

रामपुर/शाहबाद, अमृत विचार। शुक्रवार को लक्खी बाग़ स्थित कोठी पर चौकीदार की जलाकर हत्या कर दी गई। चौकीदार की हत्या की खबर से क्षेत्र में सनसनी फ़ैल गई। गौरतलब है कि महीने भर पूर्व ही कोठी पर तैनात एक और चौकीदार की हत्या कर दी गई थी।

बताया जा रहा है कि पिता की हत्या का बदला लेने के लिए चौकीदार को बेटे और पोते ने जलाकर हत्या कर दी। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में मृतक के बेटे की तहरीर पर एक माह पूर्व मारे गए चौकीदार के बेटे और पोते समेत तीन पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। एडिशनल एसपी डा. संसार सिंह और सीओ धर्म सिंह मार्छाल ने भी मौका मुआयना किया।

कोतवाली क्षेत्र के पशुपुरा निवासी ओमवीर सिंह (65) लक्खी बाग़ स्थित कोठी की चौकदारी करते थे। शुक्रवार की सुबह उनका बेटा खाना लेकर पहुंचा तो पिता का अधजला शव देखकर उसके होश उड़ गए।मामले की सूचना उसने वहां मौजूद अन्य चौकीदार को दी।सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक चौकीदार के बेटे की तहरीर के आधार पर गांव के ही भूकन लाल के बेटे राकेश,पोते सुमित समेत एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। एडिशनल एसपी डा. संसार सिंह और सीओ धर्म सिंह मार्छाल ने भी मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। साथ ही फॉरेंसिक टीम ने भी मौका-ए-वारदात पर पहुंचकर नमूने इकट्ठे किए।

पिता की ह्त्या का बदला लेने को उतारा मौत के घाट
छह अप्रैल को चौकीदार भूकन लाल का शव संदिग्ध परिस्थितियों में लक्खी बाग से बरामद हुआ था। ओमवीर के हत्यारोपी राकेश के पिता भूकनलाल भी लक्खीबाग पर चौकीदारी करते थे। मामले में पुलिस ने भूकन के बेटे राकेश की ओर से ओमवीर और किले के गेट पर तैनात चौकीदार रशीद के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस भी दर्ज किया था। इस बात से कयास लगाए जा रहे हैं कि पिता के हत्यारोपी चौकीदार ओमवीर को बेटे और पोते ने जलाकर मौत के घाट उतार दिया।

अधजली अवस्था में मिला चौकीदार का शव
मृतक चौकीदार ओमवीर का बेटा शुक्रवार की सुबह जब खाना लेकर पहुंचा तो कमरे का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। उसके पिता का शव अधजली अवस्था में कमरे में पड़ा हुआ था। चौकीदार के बेटे नयन सिंह के अनुसार रोजाना की तरह खाना लेकर लक्खी बाग़ स्थित कोठी पर आया, तो उसके पिता कमरे में अधजली अवस्था में पड़े हुए थे। यह देखकर उसके होश उड़ गए थे।जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोग भी आ गए थे।

ओमवीर पिछले कई साल से किले में चौकीदारी करते थे। जिस कमरे में चौकीदार सो रहे थे, रात्रि में कुछ लोगों ने उस कमरे की चौखट उखाड़ दी। जो कुंडी थी वह भी टूट गई और उसकी ह्त्या कर दी। इस मामले में दो लोगों को नामजद किया गया है। उन दोनों को हिरासत में भी ले लिया गया है। -एडिशनल एसपी डा.संसार सिंह

ये भी पढ़ें:- संभल: प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत, महिला डॉक्टर पर लगाया लापरवाही का आरोप

संबंधित समाचार