संभल : अनियंत्रित कार सड़क किनारे पलटी, चालक समेत चार घायल
संभल/कुढ़फतेहगढ़, अमृत विचार। चंदौसी-रीठ मार्ग पर बाइक सवारों को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई, जिसमें रुद्रपुर निवासी चार लोग घायल हो गए। उनको निजी चिकित्सक के यहां उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। हादसा उस समय हुआ जब कार सवार संभल के मऊ निवासी एक रिश्तेदार की अंतिम …
संभल/कुढ़फतेहगढ़, अमृत विचार। चंदौसी-रीठ मार्ग पर बाइक सवारों को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई, जिसमें रुद्रपुर निवासी चार लोग घायल हो गए। उनको निजी चिकित्सक के यहां उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। हादसा उस समय हुआ जब कार सवार संभल के मऊ निवासी एक रिश्तेदार की अंतिम क्रिया से लौट रहे थे।
शुक्रवार को रुद्रपुर जनपद निवासी कुछ लोग संभल के मऊ गांव निवासी रिश्तेदार के निधन पर आए थे। दोपहर बाद अंतिम संस्कार होने के बाद सभी लोग कार से लौटने लगे। उनकी कार कुढ़फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के चंदौसी-रीठ मार्ग पर जहांगीरपुर के समीप पहुंची। इसी बीच बाइक सवारों को बचाने के चक्कर में उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। कार में सभी लोग फंस गए और बुरी तरह घायल हो गए।
राहगीरों ने जब कार को पलटा हुआ देखा तो रुक कर मदद के लिए जुट गए। कार का शीशा तोड़कर कार में फंसे सवारों को बाहर निकाला। हादसे में कार चालक गौरव, सत्येंद्र, ममता समेत चार लोग घायल हो गए। रीठ की निजी चिकित्सक के यहां घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए भर्ती कराया गया, वहीं हादसे के जानकारी मिलने के बाद घायलों के परिजन और रिश्तेदार अस्पताल पहुंच गए हैं।
ये भी पढ़ें:- संभल: ट्रेन में चेकिंग और अवैध वसूली करते फर्जी टीटीई पकड़ा
