बरेली: इस बार बाढ़ से बचाव को बनेगी 53 चौकियां

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बारिश होने पर बाढ़ की आशंका को देखते हुए सिंचाई विभाग बाढ़ खंड अभी से सतर्क हो गया है। उसने जिले भर के बाढ़ संभावित स्थानों पर चौकियों की स्थापना करने की तैयारी शुरू कर दी है। चौकी स्थापित होने से यहां बाढ़ की सूचना पहले से ही लोगों को मिल जाएगी …

बरेली, अमृत विचार। बारिश होने पर बाढ़ की आशंका को देखते हुए सिंचाई विभाग बाढ़ खंड अभी से सतर्क हो गया है। उसने जिले भर के बाढ़ संभावित स्थानों पर चौकियों की स्थापना करने की तैयारी शुरू कर दी है। चौकी स्थापित होने से यहां बाढ़ की सूचना पहले से ही लोगों को मिल जाएगी और जान माल को होने वाले नुकसान को कम किया जा सकता है। पिछली बार की अपेक्षा इस बार 10 बाढ़ चौकियां बढ़ाई गई हैं।

पहाड़ों पर लगातार होने वाली बारिश से जिले की नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ता है। रामगंगा, किच्छा और बहगुल आदि कई नदियों के उफान पर होने से जिले भर में बाढ़ का खतरा मंडराने लगता है। सिंचाई विभाग बाढ़ से होने वाली जान माल के नुकसान को कम करने के लिए जिले भर में बाढ़ चौकियां स्थापित करता है।

पिछली बार जहां विभाग ने 43 बाढ़ चौकी स्थापित की थी, वहीं इस बार उन्हें बढ़ाकर 53 कर दिया है। सिंचाई बाढ़ खंड ने बाढ़ चौकी स्थापित करने के साथ ही जिले के गोताखोरों के नंबरों को अपडेट करने के साथ ही सूचीबद्ध करना भी शुरू कर दिया है। साथ ही बचाव के सभी उपकरणों की व्यवस्था करना भी शुरू कर दी है।

सिंचाई विभाग बाढ़ खंड के अधिकारी बताते हैं कि लोगों को बाढ़ से बचाने और समय पर सचेत करने के लिए 53 चौकियों की स्थापना की जाएगी। गत दिनों जिलाधिकारी ने बाढ़ नियंत्रण की बैठक भी ली। बैठक में जिलाधिकारी ने सिंचाई बाढ़ खंड के साथ ही आपदा नियंत्रण में प्रमुख भूमिका निभाने वाले विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि बाढ़ की स्थिति बनने से पहले ही नदी किनारे रहने वाले लोगों को वहां से हटाकर दूसरे स्थान पर भेज दिया जाए। अक्सर देखा गया है कि अधिकारी बाढ़ आने का इंतजार करते रहते हैं। जब बाढ़ अपना विकराल रूप अख्तियार करती है तो अधिकारियों की नींद टूटती है। इस बार ऐसा हुआ तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

15 जून से 15 अक्टूबर तक का समय बाढ़ आने का होता है। बाढ़ समयावधि से 15 दिन पहले ही बाढ़ चौकियां स्थापित होना शुरू हो जाता है। बाढ़ सुरक्षा समिति का गठन होने के साथ ही कंट्रोल रूम की स्थापना हो चुकी है। बाढ़ चौकियों से संबंधित अन्य कार्य भी तेजी से चल रहे हैं।—राजेंद्र सिंह अधिशासी अभियंता, बाढ़ खंड

संबंधित समाचार