हल्द्वानी: कालाढूंगी रोड और तिकोनिया पर दुकानदारों से किराया वसूलने की तैयारी
हल्द्वानी, अमृत विचार। विगत दिनों नगर निगम ने हल्द्वानी में अपनी दुकानों के किराएदारों से किराया वसूला था। अब नगर निगम कालाढूंगी और तिकोनिया स्थित दुकानों से किराए के बकाये को वसूलने की तैयारी कर रहा है। मंगलपड़ाव क्षेत्र में नगर निगम ने दुकानदारों से किराया वसूली के लिए बड़ा अभियान चलाया था। इस दौरान …
हल्द्वानी, अमृत विचार। विगत दिनों नगर निगम ने हल्द्वानी में अपनी दुकानों के किराएदारों से किराया वसूला था। अब नगर निगम कालाढूंगी और तिकोनिया स्थित दुकानों से किराए के बकाये को वसूलने की तैयारी कर रहा है।
मंगलपड़ाव क्षेत्र में नगर निगम ने दुकानदारों से किराया वसूली के लिए बड़ा अभियान चलाया था। इस दौरान कई दुकानदारों से किराए की बकाया भारी रकम वसूली गई। हालांकि शुरूआती दौर में चले अभियान के बाद यह अभियान बंद कर दिया गया। नगर निगम ने शुरू में दावा किया था कि नगर में दुकानदारों से किराए की बकाया राशि वसूली जाएगी।
इधर, नगर निगम अब कालाढूंगी और तिकोनिया में दुकानदारों से किराया वसूली करने की तैयारी कर रहा है। इसके अलावा शहर में अन्य स्थानों पर भी वसूली प्रक्रिया को लेकर अभियान चलाया जाएगा। कर अधीक्षक महेश पाठक ने बताया कि नगर निगम की करीब तीन हजार दुकानों से अभी किराया आना बाकी है। यह राशि लाखों में है। किराया वसूली के लिए पूरी तैयारी की जा रही है और साथ ही अभियान के तहत इन दुकानों पर वसूली की जाएगी।
इधर नगर निगम की खस्ता माली हालत के समय किराया वसूली अभियान उसको काफी राहत पहुंचा सकता है। उल्लेखनीय है कि नगर निगम की कमाई का ज्यादा कर्मचारियों को वेतन देने में ही निकल जाता है। मुख्य तौर पर कूड़ा इकट्ठा करने के अलावा नगर निगम शहर में विकास का कोई बड़ा कार्य नहीं कर पा रहा है। जिसके पीछे बड़ा कारण नगर निगम की आय कम होना है।
अतिक्रमण अभियान अब पहुंचा कछुआ चाल में
हल्द्वानी। शहर में पिछले दिनों तेजी के साथ चलाया अतिक्रमण हटाओ अभियान अब कछुआ चाल में पहुंच गया है। अतिक्रमण हटाने को लेकर नगर निगम अब केवल अनुमान जता रहा है। उल्लेखनीय है कि विगत दिनों नगर निगम ने ट्रांसपोर्ट नगर, मछली बाजार, मंगलपड़ाव, तीनपानी आदि क्षेत्रों में अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई की थी। इसके बाद नगर निगम ने कालूसिद्ध मंदिर से मुखानी चौराहे तक अतिक्रमण हटाने की तैयारी कर रहा था। पहले बताया गया था कि बीते सोमवार को अभियान चलाया जाएगा। हालांकि अभी तक यह मामला टलता ही जा रहा है। इधर, सहायक नगर आयुक्त गौरव भसीन ने बताया कि वह आदेश मिलने के साथ ही अभियान शुरू कर देंगे।
