राज ठाकरे की अयोध्या यात्रा को लेकर आपस में भिड़े भाजपा के दो सांसद, बृजभूषण सिंह की धमकी पर जानिये क्या बोले लल्लू सिंह?

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। मनसे प्रमुख राज ठाकरे की पांच जून की अयोध्या यात्रा को लेकर भाजपा में ही अब रार बढ़ती जा रही है। अब भाजपा के दो सांसद लल्लू सिंह व बृजभूषण सिंह एक तरह से आमने-सामने आ गए हैं। सांसद लल्लू सिंह ने कैसरगंज सांसद बृजभूषण के राज ठाकरे को अयोध्या में घुसने न देने …

अयोध्या। मनसे प्रमुख राज ठाकरे की पांच जून की अयोध्या यात्रा को लेकर भाजपा में ही अब रार बढ़ती जा रही है। अब भाजपा के दो सांसद लल्लू सिंह व बृजभूषण सिंह एक तरह से आमने-सामने आ गए हैं। सांसद लल्लू सिंह ने कैसरगंज सांसद बृजभूषण के राज ठाकरे को अयोध्या में घुसने न देने की धमकी को उनका व्यक्तिगत कारण बताया है। अयोध्या सांसद ने कहा कि हनुमान जी की कृपा से अगर कोई अयोध्या में प्रभु श्रीराम जी के शरण में आता है तो उसका स्वागत है। सांसद लल्लू सिंह के इस बयान के सियासी गलियारे में तरह-तरह के मायने निकाले जा रहे हैं। और तमाम लोग उनको फॉलो कर रहे हैं।

सांसद लल्लू सिंह ने आज ट्वीट करते हुए लिखा कि हनुमान जी कृपा से यदि कोई प्रभु श्रीराम की शरण में आता है तो उसका स्वागत है। भगवान राज ठाकरे को सद्बुद्धि दें कि वह पीएम नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में काम करें, जिससे उनका व महाराष्ट्र का कल्याण हो सके। अयोध्या सांसद ने कहा कि हम रामभक्तों के सेवक होने के नाते उनका स्वागत कर रहे हैं। जो भी राम की शरण में आएगा उसका हम सब अयोध्या वासी स्वागत करेंगे। भगवान श्रीराम व अयोध्या का स्वभाव है कि हम लोग शरण में आने वाले का कभी अपमान नहीं करते है। उन्होंने कैसरगंज सांसद बृजभूषण सिंह की ओर से किए जा रहे विरोध को उनका निजी विरोध बताया और कहा कि इस बारे में उन्हें बहुत जानकारी नहीं है।

संतों ने ही नहीं बल्कि मुस्लिम समाज ने भी जताया विरोध

इधर, अयोध्या में बाबरी पक्षकार रहे इकबाल अंसारी भी मनसे प्रमुख राज ठाकरे अयोध्या दौरे का विरोध कर रहे हैं। उनका भी मानना है कि उत्तर प्रदेश वासियों के साथ महाराष्ट्र में बीते दिन हुए दुर्व्यवहार और अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया गया था अब आज उत्तर प्रदेश के धर्मनगरी अयोध्या में मनसे प्रमुख अगर आना चाहते हैं तो पहले उन्हें माफी मांगनी पड़ेगी। इकबाल अंसारी का कहना है कि कैसरगंज सांसद हमारे बड़े भाई हैं और उनकी मांग एकदम जायज है हम उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं।

अयोध्या में घुसने से पहले उत्तर भारतीयों से माफी मांगें राज ठाकरे: बृजभूषण

सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने ट्वीट करके कहा है कि उत्तर भारतीयों को अपमानित करने वाले राज ठाकरे को अयोध्या की सीमा में घुसने नहीं दूंगा। अगर उन्हें अयोध्या आना है तो सभी उत्तर भारतीयों से हाथ जोड़कर राज ठाकरे को माफी मांगनी पड़ेगी। सांसद ने सीएम योगी आदित्यनाथ को भी ट्वीट करते हुए कहा है कि जब तक राज ठाकरे सार्वजनिक रूप से उत्तर भारतीयों से माफी नहीं मांग लेते। मेरा आग्रह है तब तक योगी आदित्यनाथ को राज ठाकरे से नहीं मिलना चाहिए।

राज ठाकरे के साथ तीन ट्रेनों से समर्थक भी पहुंचेंगे अयोध्या

राज ठाकरे 5 जून को अयोध्या आकर रामलला का दर्शन कर आशीर्वाद लेंगे। वह तीन हजार समर्थकों सहित यहां आकर सरयू तट पर अयोध्या की माटी का चंदन लगाकर हिंदुत्व को धार देंगे। सूत्रों के मुताबिक राज ठाकरे हवाई मार्ग से अयोध्या पहुंचेंगे, जबकि उनके समर्थकों को अयोध्या आने के लिए तीन स्पेशल ट्रेनें बुक कराई गई है। सियासत के जानकारों का कहना है कि उनकी इस यात्रा में अघोषित रूप से परदे के पीछे से भाजपा का हाथ माना जा रहा है। क्योंकि राज ठाकरे उत्तर भारतीयों के विरोधी के रूप में सामने आ चुके हैं, इसलिए भाजपा खुलकर उनके साथ नहीं आ रही है।

यह भी पढ़ें:-अयोध्या: बृजभूषण सिंह ने ट्वीट कर कहा- पहले उत्तर भारतीयों से हाथ जोड़कर माफी मांगें राज ठाकरे

संबंधित समाचार