मुरादाबाद : चोरों ने किया तीन घरों से पांच लाख का सामान साफ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। चोरी की घटनाएं जिले में बाढ़ का रूप ले चुकी हैं। महानगर से लेकर मूंढापांडे तक चोरों का बोलबाला है। बेखौफ चोरों की आतंकित करने वाली सक्रियता ने लोगों की नींद भले ही उड़ा दी हो, लेकिन पुलिस चैन की बंशी बजा रही है। चोरी की घटनाओं के पर्दाफाश व चोरों की …

मुरादाबाद, अमृत विचार। चोरी की घटनाएं जिले में बाढ़ का रूप ले चुकी हैं। महानगर से लेकर मूंढापांडे तक चोरों का बोलबाला है। बेखौफ चोरों की आतंकित करने वाली सक्रियता ने लोगों की नींद भले ही उड़ा दी हो, लेकिन पुलिस चैन की बंशी बजा रही है। चोरी की घटनाओं के पर्दाफाश व चोरों की नकेल कसने में खाकी पूरी तरह विफल है।

सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के कांठ रोड स्थित कॉसमॉस अस्पताल के समीप मोरा गांव निवासी ताराचंद पेशे से किसान हैं। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटे और एक बेटी है। तहरीर के मुताबिक रविवार रात बेटे के साथ वह छत पर सो रहे थे। पत्नी व बेटी कमरे में थीं। देर रात दीवार फांदकर घर में घुसे चोर एक लाख रुपये के गहने चुरा कर फरार हो गए। पीड़ित को घटना की जानकारी सुबह हुई। चोरी गए सामान में सोने की कंठी, तीन अंगूठी, एक कूल्हा, पाजेब शामिल हैं। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।

वहीं, मझोला थाना क्षेत्र में प्रकाश नगर गली नंबर दो निवासी सौरभ पीतल फर्म में काम करता है। सौरभ के मुताबिक सोमवार रात वह सपरिवार मकान की छत पर सो रहा था। सुबह नींद खुलने पर वह वापस कमरे में लौटा तो घर में सामान बिखरा पड़ा था। यहां से चोर 36 हजार रुपये की नगदी समेत करीब तीन लाख रुपये का सामान ले गए। उधर, मूंढ़ापांडे थाना क्षेत्र में करनपुर चौकी स्थित गोविंदपुर खुर्द गांव में महज एक दिन बाद ही चोरों ने एक घर में घुसकर करीब 70 हजार रुपये के आभूषण चोरी कर लिए।

पीड़ित रविवार रात शादी समारोह में गए थे। रात करीब 11:30 बजे घर लौटे। फिर सोने चले गए। देर रात करीब साढ़े तीन बजे नींद टूटने पर पता चला कि घर की आलमारी में रखा सोने चांदी के जेवरात चोरी हो गए। दीवार में चोरों ने कूमल काटा है। महज दो दिन पहले ही एक घर में चोरी हुई थी। चोरी की सिलसिलेवार घटनाएं पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़ा करती हैं।

ये भी पढ़ें:- रामपुर : पटवाई स्थित अमृत सरोवर का 13 को केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी करेंगे लोकार्पण

संबंधित समाचार