हल्द्वानी: जरा सी बारिश में खुली नगर निगम की पोल, नाले का गंदा पानी गोदामों में घुसा, लाखों का नुकसान
हल्द्वानी, अमृत विचार। एक बार फिर नगर निगम की काहिली और अनदेखी का खामियाजा हल्द्वानी के लोगों को भुगतने को मजबूर होना पड़ा है। अभी बरसात का सीजन दूर है, मानसून का आना बाकी है लेकिन नगर निगम के नालों की सफाई न होने और नालों में अतिक्रमण होने से गुरुवार रात हुई चंद मिनटों …
हल्द्वानी, अमृत विचार। एक बार फिर नगर निगम की काहिली और अनदेखी का खामियाजा हल्द्वानी के लोगों को भुगतने को मजबूर होना पड़ा है। अभी बरसात का सीजन दूर है, मानसून का आना बाकी है लेकिन नगर निगम के नालों की सफाई न होने और नालों में अतिक्रमण होने से गुरुवार रात हुई चंद मिनटों की बारिश में लाइन नंबर एक का नाला चोक हो गया। इस कारण लाइन नंबर एक स्थित दर्जनों गोदामों में गंदा पानी भर गया। इस कारण दुकानदारों का लाखों का सामान खराब हो गया। तूफान में कई गोदामों की छत भी उखड़ गई।

अमृत विचार की टीम ने जब मौके पर पहुंचकर व्यापारियों से बात की तो उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए नाले के अतिक्रमण पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। इस दौरान नुकसान को बयां करते हुए व्यापारियों की आंखें भर आईं।

व्यापारी पंचलाल केसरवानी ने बताया कि पूरी रात उन्होंने पत्नी अनीता केसरवानी के साथ मिलकर नाले का गंदा पानी बाहर निकालने में गुजार दी, फिर भी सामान को नुकसान से नही बचा सके। उन्होंने बताया कि गोदाम में गंदा पानी भरने से उनका पांच लाख से अधिक का नुकसान हो गया है, अब कौन उनके नुकसान की भरपाई करेगा?
उन्होंने बताया कि नाले पर लोगों ने पक्का अतिक्रमण किया है। दोमंजिले मकान खड़े कर दिए हैं जिस कारण नाले के पानी को रास्ता नहीं मिल रहा है। नाले में कूड़े का अंबार लग चुका है। दुकानों की सफाई तो हमने किसी तरह कर दी है लेकिन परिसर में भरी यह गंदगी कैसे साफ होगी यह बड़ा सवाल है। ऐसे में संक्रमण और बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।

व्यापारी अनुभव अग्रवाल और मंसूर खान ने बताया कि नाले के ऊपर हुए अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम की ओर से कार्रवाई न होने का खामियाजा व्यापारियों को भुगतना पड़ रहा है। नाले के गंदे पानी ने लाखों का सामान खराब कर दिया लेकिन दोपहर तक नगर निगम का कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नही पहुंचा।

इधर, जब मामले की जानकारी मीडिया की ओर से नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय को दी गई तो उन्होंने बताया कि इन दिनों नालों की सफाई का काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि नालों के ऊपर अतिक्रमण की जानकारी है। पहले नगर निगम नालों की सफाई करेगा, उसके बाद अतिक्रमण को चिह्नित कर आवश्यक कारवाई की जाएगी। मौके पर टीम भेजकर सफाई कार्य कराने के निर्देश दिए गए है।
