उन्नाव: टैंक सफाई के दौरान दो मजदूरों की मौत, जांच में जुटी पुलिस
उन्नाव। सदर कोतवाली के अकरमपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित एसीआई फैक्ट्री में शनिवार दोपहर टैंक की सफाई करने उतरे दो मजदूरों की गैस रिसाव से मौत हो गयी। फैक्ट्री का ही एक आपरेटर उन्हें जिला अस्पताल पहुंचा कर लापता हो गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए मोर्च्युरी में रखवा दिया …
उन्नाव। सदर कोतवाली के अकरमपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित एसीआई फैक्ट्री में शनिवार दोपहर टैंक की सफाई करने उतरे दो मजदूरों की गैस रिसाव से मौत हो गयी। फैक्ट्री का ही एक आपरेटर उन्हें जिला अस्पताल पहुंचा कर लापता हो गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए मोर्च्युरी में रखवा दिया है। हादसा कैसे हुआ इसकी जांच पड़ताल की जा रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक एसीआई फैक्ट्री में काम करने वाले लवकुश (35) बेटा प्यारेलाल निवासी नवाबगंज इलाहाबाद व राजकिशोर (50) रामगुलाम निवासी खरौली थाना बारासगवर दोपहर तकरीबन 3 बजे फैक्ट्री के टैंक की सफाई करने के लिए उतरे थें। अचानक दोनों उसी में बेहोश होकर गिर पड़े।
जिससे फैक्ट्री में मौजूद अन्य लोगों में हड़कंप मच गया। आनन फानन में इसकी जानकारी प्रबंधतंत्र को दी गयी। आपरेटर अनुज ने दोनों को जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड पहुंचाया। डॉक्टर ने जांच के बाद जब उन्हें मृत बताया कि अनुज के होश उड़ गए। वह बिना किसी को बताए वहां से रफूचक्कर हो गया।
अस्पताल की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्च्युरी पहुंचाया। कोतवाली प्रभारी ओपी रॉय ने बताया कि हादसे की जानकारी मिली है। क्या कब और कैसे हुआ इसका पता लगाया जा रहा है। घटना की सूचना पर सीओ सिटी भी मौके पर पहुंचे और प्रबंध तंत्र से घटनाक्रम का पूरा ब्यौरा लिया।
पढ़ें-रायबरेली: टैंक सफाई का खत्म होगा झंझट, सीवर लाइन की मिलेगी सुविधा
