एसपीओ के मानदेय बढ़ाने का मामला गृह मंत्री के समक्ष रखा जाएगा- अनुराग ठाकुर
चंबा। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों में तैनात विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) का मानदेय बढ़ाए जाने का मामला केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के समक्ष रखा जाएगा। वह आज चुराह विधानसभा क्षेत्र के तहत नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम के दौरान कोटी में आयोजित जनसभा को …
चंबा। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों में तैनात विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) का मानदेय बढ़ाए जाने का मामला केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के समक्ष रखा जाएगा। वह आज चुराह विधानसभा क्षेत्र के तहत नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम के दौरान कोटी में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि विशेष पुलिस अधिकारियों के मानदेय बढ़ाए जाने को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री के समक्ष मामला रखा जाएगा। उन्होंने मामले के यथासंभव समाधान का भरोसा भी दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में गत आठ वर्षों में किए गए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए ठाकुर ने कहा कि दूसरी पार्टियों की सरकारों के 60 वर्षों की अवधि में किए गए कार्यों की तुलना इन आठ वर्षों के कार्यकाल में अर्जित उपलब्धियों से की जा सकती है।
उन्होंने इस दौरान जन धन योजना, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन, मुद्रा योजना के तहत अर्जित उपलब्धियों पर भी बात की। ठाकुर ने कहा कि अगले दो वर्षों के दौरान जिला में सभी पात्र लोगों को पक्के आवास की सुविधा उपलब्ध करवा दी जाएगी। जिला में एफएम रेडियो सेवाओं की उपलब्धता के लिए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि विभाग द्वारा सर्वेक्षण करने के पश्चात उपयुक्त संख्या में एफएम टावर स्थापित कर दिए जाएंगे।
उन्होंने जिला में मोबाइल नेटवर्क को विस्तार देने के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात भी कही। उनके अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं। शिक्षा, सड़क, स्वास्थ्य और सामाजिक सेवा क्षेत्र में विशेष अधिमान रखा गया है। उन्होंने जिला के पारंपारिक उत्पादों को विस्तार दिए जाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि सेल्फ हेल्प ग्रुप और किसान उत्पादक संगठन के उत्थान के लिए केंद्रीय सरकार द्वारा वित्त एवं अन्य संसाधनों की उपलब्धता का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने संबंधित विभाग से जानकारी और जागरुकता के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा। श्री ठाकुर ने सेल्फ हेल्प ग्रुप और किसान उत्पादक संगठनों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनके द्वारा तैयार किए गए उत्कृष्ट पारंपारिक उत्पादों को जिला की प्रसिद्ध कलाकृति चंबा रुमाल और चंबा थाल की तर्ज पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्धि दिलाने के लिए कार्य किया जाएगा। इस दौरान सूचना एवं प्रसारण, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री को विधानसभा उपाध्यक्ष ने शाल-टोपी और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित भी किया।
कार्यक्रम के दौरान लोकसभा सांसद किशन कपूर ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद किसानों-बागवानों और युवाओं के आर्थिक स्वावलंबन के लिए कई योजनाएं कार्यान्वित की गई हैं। इसके सकारात्मक परिणाम निकले हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आकांक्षी जिला चंबा अब विकास की दृष्टि से आगे बढ़ रहा है।
इसे भी पढ़ें-इसे भी पढ़ें- नांदेड़ बिल्डर हत्या मामले की जांच CBI को सौंपने की जरूरत नहीं- वल्से पाटिल
