अयोध्या: प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना का लाभ देने में 23वें स्थान पर है रामनगरी
अयोध्या। प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना का लाभ देने में अयोध्या पीएम व सीएम सिटी से बहुत आगे है। लगातार अपनी रैंकिंग में सुधार कर रहा है। पिछली बार से दो पायदान छलांग लगाते हुए इस बार 23वें स्थान पर पहुंच गया है। हालांकि अयोध्या मंडल में पहले स्थान पर अब भी अंबेडकरनगर काबिज है। यह …
अयोध्या। प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना का लाभ देने में अयोध्या पीएम व सीएम सिटी से बहुत आगे है। लगातार अपनी रैंकिंग में सुधार कर रहा है। पिछली बार से दो पायदान छलांग लगाते हुए इस बार 23वें स्थान पर पहुंच गया है। हालांकि अयोध्या मंडल में पहले स्थान पर अब भी अंबेडकरनगर काबिज है। यह जिला इस बार 5 अंक नीचे फिसल गया है, जिसकी रैकिंग 18 है।
प्रदेश में लागू सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा स्वास्थ्य विभाग द्वारा की जा रही है। इस समीक्षा में पूरे प्रदेश की प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना की रैंकिंग जारी की गई है, जिसमें जालौन प्रदेश में पहले स्थान पर काबिज है। वहीं दूसरे स्थान पर मुजफ्फरनगर ने जगह बनाई है। मुजफ्फरनगर इससे पहले सातवें रैंक पर था। तीसरा रैंक चित्रकूट को मिला है।
चित्रकूट इससे पहले दूसरे स्थान पर काबिज था। प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना का लाभ देने में सबसे फिसड्डी जनपद सीएम सिटी गोरखपुर है। गोरखपुर प्रदेश में 75वें स्थान पर है, जबकि पीएम सिटी वाराणसी 52वें पायदान पर है। वहीं अयोध्या मंडल में अंबेडकर नगर अब भी अयोध्या से ऊपर है। अयोध्या के बाद योजना का लाभ देने वालों में सुल्तानपुर 30वें, अमेठी 39वें व बाराबंकी 44वें स्थान पर है।
क्या है प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना
इस योजना का मुख्य उद्देश्य जननी और उसके बच्चे की देखभाल करना है, जिसके लिए सरकार उनको तीन चरणों में 6000 रुपये की आर्थिक सहायता देती है। योजना में रजिस्ट्रेशन कराने पर गर्भवती महिलाओं को पहले चरण में 1000, दूसरे चरण में 2000 रुपए और तीसरे चरण में 2000 रुपए मिलते हैं।
बाकी के 1000 रुपए सरकार तब देगी अगर कोई गर्भवती महिला अपने बच्चे को किसी अस्पताल में जन्म देती हो या जननी सुरक्षा योजना की लाभार्थी हो। प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना की रैकिंग में सुधार हुआ है। हम लोग अभी प्रयासरत हैं कि अयोध्या को प्रदेश की टॉप टेन की सूची में लाएं। – डॉ. अजय राजा, सीएमओ
पढ़ें-बरेली: प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना में फर्जी मिले 27 लाभार्थी
