रुद्रपुर: एक माह में पुल न बना तो आंदोलन – मीना
रुद्रपुर, अमृत विचार। सिविल लाइंस इलाके को शिवनगर से सीधे जोड़ने वाले पुल की निर्माण की मांग को लेकर कांग्रेसी मंगलवार को मुखर हो गये। पूर्व पालिकाध्यक्षा मीना शर्मा के नेतृत्व में महिलाओं ने मंगलवार को प्रदर्शन किया। यहां बता दें कि कल्याणी नदी पर बना यह पुल अक्टूबर 2021 में आई आपदा में ध्वस्त …
रुद्रपुर, अमृत विचार। सिविल लाइंस इलाके को शिवनगर से सीधे जोड़ने वाले पुल की निर्माण की मांग को लेकर कांग्रेसी मंगलवार को मुखर हो गये। पूर्व पालिकाध्यक्षा मीना शर्मा के नेतृत्व में महिलाओं ने मंगलवार को प्रदर्शन किया।
यहां बता दें कि कल्याणी नदी पर बना यह पुल अक्टूबर 2021 में आई आपदा में ध्वस्त हो गया था। इसके बाद लोगों ने बांस का अस्थायी पुल बनाया था। इससे मात्र पैदल ही आवाजाही हो सकती है। मंगलवार को शिवनगर बस्ती में इस पुल पर प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष मीना शर्मा ने कहा है कि नई बस्ती शिव नगर को जोड़ने वाला पुल यदि एक माह के भीतर नहीं बना तो लोनिवि कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
शर्मा ने कहा कि बड़े आश्चर्य की बात है पिछले सात महीने से भाजपा सरकार इस पुल की लगातार उपेक्षा कर रही है। शर्मा ने कहा कि सरकार को पुल तो बनाना ही पड़ेगा वह स्वयं भी इस पुल के निर्माण के लिए हर संघर्ष को तैयार है। इस अवसर पर महानगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष मोनिका ढाली, सरोज रानी, बकुल साना, सपना, मधु सिकदर, कनिका, ज्ञान प्रकाश, अमल साना, रामप्यारी, गौरी मंडल, द्रौपदी पाल, जागबती, बीना अग्रवाल, अंशिका यादव, राजेंद्र देवी मौजूद रहे।
