पीलीभीत: दो बाघों की फुटेज कैमरे में कैद, शावकों का अता-पता नहीं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, पीलीभीत। हरीपुर रेंज में शावक की मौत के बाद घटनास्थल पर लगाए गए कैमरों की पड़ताल में दो बाघों की फुटेज मिली है। अब इन फुटेज का मिलान कर इन दोनों की पहचान की जाएगी। हालांकि घटनास्थल के पास देखे जा रहे शावकों का छठे दिन भी कोई सुराग नहीं लग सका है। …

अमृत विचार, पीलीभीत। हरीपुर रेंज में शावक की मौत के बाद घटनास्थल पर लगाए गए कैमरों की पड़ताल में दो बाघों की फुटेज मिली है। अब इन फुटेज का मिलान कर इन दोनों की पहचान की जाएगी। हालांकि घटनास्थल के पास देखे जा रहे शावकों का छठे दिन भी कोई सुराग नहीं लग सका है। पीटीआर प्रशासन अब इसकी रिपोर्ट एनटीसीए को भेजेगा।

पीलीभीत टाइगर रिजर्व की हरीपुर रेंज में 12 मई की सुबह गश्त के नवदिया बीट में वनकर्मियों ने एक शावक को शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही डिप्टी डायरेक्टर नवीन खंडेलवाल वन अफसरों के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की पड़ताल की। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर शावक के शव का पोस्टमार्टम रेंज में कराया गया।

पोस्टमार्टम के बाद डिप्टी डायरेक्टर ने शावक की मौत आपसी संघर्ष में होने का दावा किया था। इधर, घटनास्थल के आसपास एक बाघ-बाघिन और उसके तीन शावक देखे जा रहे थे। संभावना जताई जा रही कि यह शावक उन्हीं तीन शावकों में से एक था। जिसे बाघ ने मारा डाला। डीडी के निर्देश के बाद घटनास्थल और उसके आसपास 10 कैमरे लगाने के साथ वनकर्मियों को लगातार निगरानी शुरू कर दी गई।

घटना के तीन दिन बाद लगे कैमरों की पड़ताल की गई तो किसी भी कैमरे में बाघ-बाघिन या शावकों की कोई फुटेज नहीं मिली। इसको लेकर शावकों पर भी खतरा मंडराने की अशांका जताई जाने लगी। वनकर्मियों द्वारा आसपास क्षेत्रों में निगरानी शुरू की गई लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लग सकी।

इधर, डीडी के निर्देश के बाद मंगलवार को घटनास्थल पर लगाए गए कैमरों की पड़ताल की गई तो इसमें दो बाघों की फुटेज कैद मिली। अब फुटेज में दिख रहे दो बाघों में कहीं वही बाघ और बाघिन तो नहीं है, इसको लेकर पीटीआर प्रशासन फुटेज का मिलान कराएगा, ताकि स्थिति स्पष्ठ हो सके। कैमरों में किसी भी शावक की फुटेज न मिलने से अब उनकी सुरक्षा को लेकर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं। फिलहाल पीटीआर प्रशासन अब इस पूरे मामले को लेकर रिपोर्ट एनटीसीए को भेजेगा।

घटनास्थल पर लगाए गए कैमरों में दो बाघों की फुटेज मिली है। फुटेज का मिलान कराने के बाद भी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल निगरानी लगातार जारी है। इसकी रिपोर्ट अब एनसीटीए को भेजी जाएगी— नवीन खंडेलवाल, डिप्टी डायरेक्टर, पीटीआर।

इसे भी पढ़ें- पीलीभीत: महिला से सामूहिक दुष्कर्म, बचाने आई गर्भवती बहन को पीटा

संबंधित समाचार