अयोध्या: पीएम किसान सम्मान निधि को लेकर 2451 आयकरदाता किसानों से होगी करोड़ों की वसूली
अयोध्या। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि को लेकर अपात्रों और आयकरदाता किसानों पर वसूली का हंटर चलने जा रहा है। इसके लिए किसानों को चिह्नित व सूचीबद्ध कर संबंधित बैंकों को उनसे वसूली के लिए नोटिस भेजा गया है। शासन की ओर से आई सूची में जिले के कुल 2451 किसानों को अपात्र घोषित किया गया …
अयोध्या। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि को लेकर अपात्रों और आयकरदाता किसानों पर वसूली का हंटर चलने जा रहा है। इसके लिए किसानों को चिह्नित व सूचीबद्ध कर संबंधित बैंकों को उनसे वसूली के लिए नोटिस भेजा गया है। शासन की ओर से आई सूची में जिले के कुल 2451 किसानों को अपात्र घोषित किया गया है, जो आयकरदाता हैं और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ भी ले रहे हैं। कृषि विभाग ने ऐसे किसानों को आगे निधि का लाभ दिए जाने से रोक दिया है और इनसे 2.14 करोड़ की रिकवरी करने की तैयारी में जुट गया है।
उप निदेशक कृषि कार्यालय से मिले आंकड़ों के अनुसार अब तक अयोध्या जिले में चले अभियान में कुल 2451 ऐसे किसान पाए गए हैं जो आयकरदाता भी है। इस सबंध में शासनादेश है कि आयकरदाता की श्रेणी में आने वाले किसानों से निधि की रिकवरी की जाए। इसी के चलते अब वसूली का हंटर चलना शुरू हो गया है। आंकड़ों के अनुसार इन किसानों से कुल 2 करोड़, 14 लाख, 36 हजार रुपये वसूल किए जाने हैं।
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि अब तक ऐसे 65 अपात्रों से 4 लाख 76 हजार रुपये वसूले जा चुके हैं। बताया गया है कि जिले के विकास खंड पूराबाजार में सर्वाधिक 664 किसान मिले हैं जिनसे वसूली होगी। वहीं सबसे कम सोहावल में 65 किसान हैं। सभी ब्लॉकों को मिलाकर प्रारंभिक चरण में 2451 किसान चिह्नित हैं। सर्वाधिक किसान बैंक आफ बड़ौदा के खातेदार हैं। इसके अलावा जो भी किसान जिस बैंक का है संबधित बैंक को रिकवरी के लिए सूचना दी गई है। जिले में वर्तमान में 3,71,242 कृषकों को सम्मान निधि का लाभ दिया जा रहा है।
65 किसान खुद लौटा गए हैं 4 लाख 76 हजार की धनराशि
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि सुखद यह है कि कुल 65 किसान ऐसे भी मिले जिन्होंने स्वयं सम्मान निधि की धनराशि वापस कर दी है। इन जागरूक किसानों ने यह कह कर निधि के कुल 4 लाख 76 हजार रुपये लौटाए कि न जाने कैसे उनके खाते में निधि की धनराशि आ गई।
अभी 8 हजार और किसानों से होनी है रिकवरी
संजय त्रिपाठी ने बताया कि विभाग की ओर से सोशल ऑडिट का काम जारी है। 30 जून तक कर्मचारी अपात्र किसानों की सूची तैयार कर लेंगे। श्री त्रिपाठी के अनुसार जनपद में अभी 7 से 8 हजार आयकरदाता किसान हैं। 30 जून के बाद इन्हें भी रिकवरी का नोटिस जारी किया जाएगा।
क्या है किसान सम्मान निधि योजना
किसान अपनी खेती आसानी के साथ कर सकें इसके लिए उन्हें किसान सम्मान निधि दी जाती है। निधि के तहत किसानों के खाते में तीन किस्त में 6000 रुपये आते हैं। अब शर्त यह कर दी गई है कि प्रधानमंत्री सम्मान निधि योजना का पात्र वही किसान माना जायेगा जो आयकरदाता नहीं है। अब तक 11 किश्तें जारी हो चुकी हैं।
अब तक जिले में 2451 किसानों को चिह्नित किया गया है। इन लोगों से धनराशि वसूली जाएगी। अगर इन्होंने धनराशि जमा नहीं कि तो इनके खिलाफ आरसी जारी की जाएगी। इसके अलावा इनसे 10 प्रतिशत ब्याज भी वसूला जाएगा। संजय त्रिपाठी, उप कृषि निदेशक, अयोध्या।
पढ़ें-बरेली: 880 अपात्रों को जारी की किसान सम्मान निधि की आठवीं किस्त
