अयोध्या: संदिग्ध परिस्थितियों में अतिथि गृह में मिला अवध विवि के छात्र का शव, जांच में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। अयोध्या कोतवाली अंतर्गत मणिराम दास छावनी स्थित धर्म मंडप अतिथि गृह में रुके एक छात्र का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। बिहार का रहने वाला युवक बीते पांच दिनों से इसी अतिथि गृह में रुका था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़ कर शव बरामद किया। पुलिस ने पंचनामा कर …

अयोध्या। अयोध्या कोतवाली अंतर्गत मणिराम दास छावनी स्थित धर्म मंडप अतिथि गृह में रुके एक छात्र का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। बिहार का रहने वाला युवक बीते पांच दिनों से इसी अतिथि गृह में रुका था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़ कर शव बरामद किया। पुलिस ने पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस अधीक्षक नगर विजय पाल सिंह ने बताया कि धर्म मंडप अतिथि गृह संचालक के अनुसार युवक चार पांच दिनों से रुका था। युवक की पहचान बिहार के समस्तीपुर जिले के ग्राम शाहपुर थाना विभूतिपुर निवासी पीयूष प्रभाकर के रूप में हुई है।

उसके पिता पवन कुमार पासवान वेस्ट बंगाल रेल फैक्ट्री में कार्यरत हैं। मृतक युवक डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्विद्यालय से कृषि में स्नातक की पढ़ाई कर रहा था।

पुलिस ने बताया कि गुरुवार को संचालक द्वारा अतिथि गृह के एक कमरे से बदबू की जानकारी हुइ, जिस पर संचालक ने तत्काल कोतवाली पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरा नम्बर 38 का दरवाजा तोड़ शव बिस्तर से बरामद किया।

पुलिस के अनुसार शव बिस्तर पर औंधे मुंह पेट के बल पड़ा था। एसपी सिटी ने बताया कि मृतक की शिनाख्त होने के बाद उसके परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस ने कमरा सील कर दिया है। एसपी सिटी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की जानकारी हो सकेगी।

मौके पर आत्महत्या कर लेने जैसे कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं इसलिए कई बिंदुओं पर पुलिस का संदेह जा रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि युवक संभवत अत्याधिक सिगरेट पीने का आदी था। उसके होंठ काले पाए गए हैं।

पढ़ेंः कन्नौज: मक्के के खेत में मिला लापता बच्ची का शव, परिजनों ने कहा- दुष्कर्म के बाद की गई हत्या

संबंधित समाचार