बारामूला शराब दुकान हमला: लश्कर-ए-तैयबा के चार आतंकवादियों सहित पांच गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने गुरुवार को लश्कर-ए-तैयबा के चार आतंकवादियों और उनके एक सहयोगी को गिरफ्तार कर बारामूला जिले में एक शराब की दुकान पर हुए ग्रेनेड हमले का पर्दाफाश किया है। गौरतलब है कि आतंकवादियों ने मंगलवार शाम को बारामूला शहर के उच्च सुरक्षा वाली गली में खुली नई शराब की दुकान पर ग्रेनेड …

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने गुरुवार को लश्कर-ए-तैयबा के चार आतंकवादियों और उनके एक सहयोगी को गिरफ्तार कर बारामूला जिले में एक शराब की दुकान पर हुए ग्रेनेड हमले का पर्दाफाश किया है। गौरतलब है कि आतंकवादियों ने मंगलवार शाम को बारामूला शहर के उच्च सुरक्षा वाली गली में खुली नई शराब की दुकान पर ग्रेनेड से हमला किया था।

इस हमले में दुकान के कर्मचारी की मौत हो गयी और तीन अन्य कर्मचारी घायल हो गए थे। कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार ने कहा कि बारामूला पुलिस ने शराब की दुकान पर हमला करने वाले लश्कर-ए-तैयबा के पांच आतंकवादियों को गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश किया गया है। वहीं बारामूला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रईस मोहम्मद भट ने इस मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि घटना वाले स्थल से विभिन्न प्रकार के साक्ष्य इकट्ठा किए गए थे, जिसका विश्लेषण करने पर कुछ जानकारियां मिलीं।

उन्होंने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा, “घटना वाले स्थल के आसपास से सीसीटीवी के फुटेज संग्रहित किए गए, जिससे घटना के पहले और बाद की जानकारियां प्राप्त हुयीं। लोगों और तकनीकी खुफिया जानकारी के आधार पर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया और पूछताछ की गई। हिरासत में लिए गए लोगों से लगातार पूछताछ के बाद पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली और इस सिलसिले में लश्कर के चार आतंकवादियों तथा उनके एक सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया गया।

” उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए आतंकवादियों की पहचान शाहिद शौकत बला, सफीर अहमद मीर, मोहम्मद मारूफ सालेह तथा फैजल शबनम गोगरी के तौर पर हुयी। ये सभी बारामूला शहर के विभिन्न इलाकों के निवासी है। वहीं इनके एक सहयोगी की पहचान बारामूला निवासी हतीफ अहमद सोफी के तौर पर हुयी है। उन्होंने बताया कि आगे की जांच और खुलासों के आधार पर विभिन्न जगहों पर छापेमारी की गयी।

इस दौरान वारदात में इस्तेमाल बजाज पल्सर मोटरसाइकिल सहति कई जानकारियां प्राप्त हुयीं। वहीं पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के पास से पांच पिस्तौल, नौ मैगजीन, 23 हथगोले, एक शक्तिशाली विस्फोटक उपकरण तथा गोला-बारूद बरामद किए गए हैं। बारामूला के एसएसपी ने कहा “इन आतंकियों को शराब की दुकान पर हमले को अंजाम देने से कुछ दिन पहले ही हथियारों और विस्फोटकों की खेप मिली थी।

” उन्होंने बताया, “जांच में पता चला ही इसी समूह ने गत वर्ष बारामूला शहर में हुए ग्रेनेड हमला, बारामूला तथा उसके आसपास के क्षेत्रों में गोलीबारी की विभिन्न घटनाओं, गैर कानूनी हथियारों तथा विस्फोटकों का परिवहन सहित कई आतंकवादी गतिविधियों में शामिल रहा था।” उन्होंने कहा, “इन आतंकवादियों की गिरफ्तारी और उनसे की गई बरामदगी से बारामूला पुलिस ने आतंकवादी हमले की एक प्रमुख घटना को सुलझा लिया।

सेना और 46 राष्ट्रीय राइफल (आरआर) ने उन बड़े हमलों को टालने में कामयाबी हासिल की है, जिन्हें इन आतंकवादियों को सीमा पार बैठे इनके आकाओं ने काम सौंपा था।” पुलिस ने कहा कि इस सिलसिले में जांच जारी है और भी खुलासे होने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- टेरर फंडिंग केस में अलगाववादी नेता यासीन मलिक दोषी करार

 

 

संबंधित समाचार